लंदन। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और मौजूदा टेस्ट टीम के नियमित गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड आपस में भिड़ गए। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टीम के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वह आलोचना के दायरे से बाहर नहीं हैं। दरअसल पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला गया पहला टेस्ट नौ विकेट से गवां कर इंग्लैंड दो मैचों की सीरीज में 1-0 से पिछड़ गया। जिसके बाद वॉन ने टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाजों ब्रॉड या जेम्स एंडरसन किसी एक को दूसरे टेस्ट से बाहर करने को सुझाव दिया था।
हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन हालांकि ब्रॉड और एंडरसन ने तीन-तीन विकेट झटक कर पाकिस्तान की पारी को 174 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। शानदार गेंदबाजी के बाद ब्रॉड ने वॉन पर पलटवार करते हुए कहा था कि उन्हें इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम के बारे में ज्यादा पता नहीं है। ब्रॉड ने कहा, 'मुझे नहीं लगता की टीम के खिलाड़ी उन से क्रिकेट के बारे में बात करते हैं।'
यही नहीं ब्रॉड ने कहा, ''अगर कोई मेरी आलोचना करता है तो मैं उससे निजी वैमनस्य नहीं रखता हूं। मैं वान का दोस्त हूं। वह मेरे लिए एक शानदार कप्तान थे, उन्होंने मुझे एक अच्छा मौका दिया। वह महान टीम थी। लेकिन मैं वास्तव में इसके लायक (टीम से बाहर किये जाने) नहीं हूं।''
ब्रॉड की टिप्पणी पर वॉन ने कहा, 'खेल में आपको प्रतिक्रिया देते समय सावधान रहना चाहिए। आपकी टिप्पणी आपको भारी पड़ सकती है। वे अभी टेस्ट मैच जीते नहीं है। वह टीम का सीनियर खिलाड़ी है और मुझे नहीं लगता की किसी पर पलटवार करने का यह सही समय है।' आपको बता दें कि इंग्लैंड पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच हेडिंग्ले में खेल रहा है। जहां अभी इंग्लैंड का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन मेजबान इंग्लैंड टीम ने 7 विकेट पर 302 रन बनाकर पाकिस्तान के खिलाफ 128 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे दिन लंच तक का खेल बारिश की वजह से नहीं हो पाया। चाय से पहले बारिश रुकने के बाद 59 ओवरों का खेल हो सका। एक बार फिर पाकिस्तानी गेंदबाजों का कहर शुरु हुआ। इंग्लैंड की ओर से डोमिनिक बेस ने 49 रनों की संघर्षपूर्ण पारी की मदद से टीम 128 रनों की बढ़त हासिल की। पाक टीम की ओर से मोहम्मद आमिर, फहीम अशरफ ने 2-2 विकेट लिए। वही मोहम्मद अब्बास, हसन अली और शादाब खान को एक-एक विकेट मिला।