
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला गया। जहां इंग्लैंड ने भारत को 86 रनों से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान इयॉन मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दोनों ही टीमों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 322 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से जो रूट ने अपने करियर का 12वां शतक जमाया। रूट ने 116 गेंदों में 113 रन (आठ चौके और एक छक्का) की पारी खेली। इसके अलावा डेविड विली ने अंत में 31 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन ठोके। इयोन मॉर्गन (53) ने भी अर्धशतक जमाया।
पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने वाली इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। इंग्लैंड ने शुरुआती 10 ओवर में 69 रन बनाए। यहां अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर कुलदीप ने खतरनाक दिख रहे जॉनी बेयरेस्टो को पवेलियन लौटा दिया। कुलदीप यादव की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में बेयरस्टो क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने आउट होने से पहले 31 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। 15वें ओवर में कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर जेसन रॉय को उमेश यादव के हाथों बाउंड्री लाइन पर कैच आउट कराया। रॉय 40 रन बनाकर आउट हुए।
कम अंतराल में दो विकेट गंवाने के बाद कप्तान इयोन मॉर्गन (53) और जो रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी हुई। तभी कुलदीप यादव ने दोबारा आकर टीम इंडिया को तीसरा विकेट दिलाया। 31वें ओवर में मॉर्गन, कुलदीप यादव की गेंद पर छक्का मारने की कोशिश कर रहे थे। तभी बाउंड्री के पास खड़े शिखर धवन के हाथों लपके गए। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने नए बल्लेबाज बेन स्टोक्स (5 रन) को चलता किया।
इसके बाद बटलर को उमेश यादव ने उन्हें महज 4 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। इसी के साथ ही माही 300 वनडे कैच पकड़ने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। बटलर के बाद मोईन अली 13 रन बनाकर चहल का शिकार बने। पारी की आखिरी गेंद पर जो रूट 113 रन बनाकर रन आउट हो गए।
भारत की तरफ से एक बार फिर से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक विकेट झटके। उन्होंने 10 ओवर में 68 रन खर्च कर 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। चहल, पांड्या और उमेश यादव की झोली में 1-1 विकेट आए।
इंग्लैंड के 322 रनों के जवाब में टीम इंडिया 236 रन पर ढेर हो गई। युजवेंद्र चहल (12) को डेविड विली ने 50वें ओवर की अंतिम गेंद पर लांगऑन पर स्टोक्स के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय पारी का अंत किया। इससे पहले जीत के लिए 323 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और शिखर धवन के बीच पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी हुई ही थी कि 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा आउट हो गए। पहले वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले रोहित दूसरे मैच में मार्क वुड की गेंद पर बोल्ड हुए। रोहित 26 गेंदों पर 2 चौको की मदद से महज 15 रन का ही योगदान दे पाए।
इसके बाद अगले ही ओवर में शिखर धवन भी चलते बने। शिखर धवन तेज गेंदबाज डेविड विली का शिकार बने। धवन ने 6 चौके की मदद से 30 गेंदों पर 36 रन बनाए। यहां भारत को लोकेश राहुल से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह भी अगले ही ओवर में चलते बने। राहुल लियम प्लंकेट की गेंद पर बिन खाता खोले ही लौट गए। इसके बाद चौथे विकेट के लिए विराट कोहली और सुरेश रैना के बीच 80 रन की साझेदारी हुई।
हालांकि कोहली अर्धशतक लगाने से पहले 45 रन बनाकर मोइन अली की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। कोहली के जाने के बाद रैना को 46 के स्कोर पर आदिल राशिद ने क्लीन बोल्ड कर दिया। यहां से टीम इंडिया को साझेदारी की जरूरत थी। धोनी एक छोर में खड़े हुए थे, लेकिन अगले बल्लेबाज हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर पाए। 21 रन बनाकर वह प्लंकेट का शिकार बने। अगले ही ओवर में उमेश यादव को बिना खाता खोले रशीद ने पवेलियन भेज दिया।
उमेश के बाद धोनी 59 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। धोनी के बाद कौल 1 रन बनाकर आउट हुए और इस तरह 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर चहल आउट हो गए और भारतीय पारी 50 ओवर में 236 रनों पर ढेर हो गई। शतकवीर जो रूट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यहां पढ़ें मुकाबले का LIVE CRICKET SCORE:-
भारतीय पारी-
इंग्लैंड की पारी-