नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज एक अगस्त को हो रहा है। एजबेस्टन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में ही इंग्लैंड के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा जिसे तोड़ना मुश्किल होगा। भारत के खिलाफ मैदान पर उतरते ही इंग्लैंड एक हजार टेस्ट मैच खेलने वालाी दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। इंग्लैंड ने अपने टेस्ट मैच के सफर का आगाज 1877 में ऑस्ट्रेलिया के संग खेलते हुए किया था। इंग्लैंड ने अबतक कुल 999 टेस्ट मैच खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैचों की बात करें तो अबतक कुल 2313 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर
ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 812 टेस्ट मैच खेले हैं इंग्लैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है।ऑस्ट्रेलिया का जीत का औसत इंग्लैंड से ज्यादा है।ऑस्ट्रेलिया ने 383 मैच जीते हैं वहीं इंग्लैंड को 357 मैच में जीत मिली है।
किन देशों ने खेले हैं कितने टेस्ट मैच
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद वेस्टइंडीज (535), भारत (522), साउथ अफ्रीका (427), न्यूजीलैंड (426), पाकिस्तान (415), श्रीलंका (274), बांग्लादेश (108), जिम्बाब्वे (105) और आईसीसी विश्व एकादश, अफगानिस्तान, आयरलैंड (तीनों एक-एक) टेस्ट मैच खेले हैं।