मेजबान टीम ने शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 3-0 से पराजित किया था। तीसरा टेस्ट मैच सोमवार को खेला जाएगा।
रविवार को काकामिघारा के गिफू ग्रीन स्टेडियम में खेले गए मैच में जापानी टीम ने पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से अपना खाता खोला।
यह गोल काया टामोटो ने मैच के दूसरे मिनट में किया। मध्यांतर तक मेजबान टीम ने 1-0 की बढ़त बना रखी थी।
मध्यांतर के बाद 44वें मिनट में मेजबान टीम को एक और पेनाल्टी कार्नर मिला, जिसे उसने गोल में तब्दील कर बढ़त को 2-0 कर दिया।
इसके बाद भारत की रानी कुमारी ने 48वें मिनट में गोल करके मेजबान टीम की बढ़त को कुछ कम किया लेकिन मेई नाकासीमा और कामा नागायामा ने 57वें और 62वें मिनट में फटाफट दो गोल करके अपनी टीम की जीत पक्की कर दी।
जापानी टीम ने तेज-तर्रार खेल की बदौलत पूरे मैच के दौरान आठ पेनाल्टी कार्नर हासिल किए जबकि भारतीय महिलाओं को दो ही पेनाल्टी कार्नर मिल सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।