मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेले जा रहे एक मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर के सामने जीत के लिए 152 रनों का लक्ष्य रखा है।
मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए। मुंबई इंडियंस का पहला विकेट छह रन के स्कोर पर गिरा जब सनथ जयसूर्या दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 36 रन के स्कोर पर ए. पी. टारे नौ रन बनाकर आउट हो गए।
पिछले दो मैचों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले सौरभ तिवारी इसके बाद मैदान पर उतरे। तिवारी ने सचिन तेंदुलकर के साथ मिलकर रन जोड़ने शुरू किए लेकिन 71 के कुल स्कोर पर तिवारी कुंबले का शिकार बने। तिवारी ने 21 गेंदों पर 25 रन बनाए।
तिवारी की जगह मैदान पर ए. टी. रायडू उतरे लेकिन वह कुछ खास किए बिना तीन रन बनाकर आउट हो गए। टीम को सबसे बड़ा झटका 75 के स्कोर पर लगा जब कप्तान सचिन तेंदुलकर को विनय कुमार ने बोल्ड कर दिया।
मैच में 11वें ओवर की गेंद पर मुंबई इंडियंस का छठा विकेट गिरा जब डी. जे. ब्रावो एक रन बनाकर विनय कुमार की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
इसके बाद आर. सतीश और के. ए. पोलार्ड ने संघर्ष करते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया लेकिन 17वें ओवर में 123 के स्कोर पर पोलार्ड 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 125 के स्कोर पर आर. सतीश भी 24 रन बनाकर आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस का नौंवा विकेट 135 रन पर गिरा जब हरभजन सिंह चार रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक खेले गए दोनों मैचों में जीत हासिल की है जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर ने अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में जीत हासिल की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।