नई दिल्ली। अक्सर आपने देश-दुनिया के दिग्गजों के मुंह से सुना होगा कि वो सचिन की बैटिंग का लुत्फ उठाते थे, सचिन कैसे खेलते थे, कैसे शॉट लगाते थे, वगैरह वगैरह लेकिन क्या कभी आपने सोचा कि सचिन तेंदुलकर को किसकी बैटिंग भाती थी?
तो चलिए आज जान लेते हैं, दरअसल सचिन तेंदुलकर को अपने क्लोन का खेल काफी भाता था, जी हां, उन्हें टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की बैटिंग बहुत भाती थी।
हिंदुस्तान टाइम्स के वार्षिक कार्यक्रम लीडरशिप समिट का हिस्सा बने तेंदुलकर ने सबके सामने कहा कि सहवाग को बल्लेबाजी करते देखना शानदार था क्योंकि वह अगली गेंद पर क्या करेंगे यह अंदाजा लगाना मुश्किल था। मुझे उनकी बैटिंग बहुत अच्छी लगती थी और साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि उन्हें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान हैंसी क्रोनिये का सामना करने में दिक्कत होती थी।
वीरू के कसीदे पढ़ते हुए सचिन ने कहा कि मुझे समझ ही नहीं आता था कि सहवाग अगली गेंद को कहां और कैसे मारेंगे, जब मैंने उनके साथ थोड़ा वक्त बिताया और खेला, तब समझ आया कि वो क्या कर सकते हैं। मालूम हो कि वीरू को लोग सचिन का क्लोन कहते थे। दोनों एकदिवसीय इतिहास में सबसे खतरनाक सलामी जोड़ियों के रूप में जाने जाते हैं।
सचिन ने अपने समकालीन बल्लेबाज वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा को 'स्पेशल पैकेज' बोला और टेनिस स्टार स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को अपना फेवरेट प्लेयर बताया।