
सौरव गांगुली के बयान के बाद उतरे मैदान पर
जिस तरह से रोहित शर्मा की चोट को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे उसके बाद खुद बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने चुप्पी तोड़ी और कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि रोहित शर्मा फिर से चोटिल हों। उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट है और फिर से चोटिल हो सकती है, ऐसे में दोबारा हैमस्ट्रिंग चोटिल हुई तो रोहित शर्मा को ठीक होने में लंबा समय लग सकता है। सौरव गांगुली के इस बयान के बाद रोहित शर्मा ने मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में वापसी की और मैदान पर दिखे। यही नहीं रोहित शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में कहा कि मैदान पर वापसी करके मैं खुश हूं। अगले मैचों में खेलने को लेकर देख रहा हूं, मेरी हैमस्ट्रिंग बिल्कुल ठीक है।

अहम मैच नहीं फिर भी खेला मैच
अहम बात यह है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच मुंबई इंडियंस के लिए अहम नहीं था क्योंकि मुंबई की टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और अंक तालिका में पहले पायदान पर है। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमरा और ट्रेंट बोल्ट को इस मैच में आराम दिया गया था। बावजूद इसके कि यह मैच इतना अहम नहीं था फिर भी रोहित शर्मा मैच खेलने के लिए आए, लिहाजा इससे साफ है कि रोहित टीम मैनेजमेंट और लोगों को संदेश देना चाहते थे कि वह फिट है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब रोहित शर्मा फिट हैं तो उन्हें ऑस्ट्रेलिया के दौरे के लिए क्यों टीम में शामिल नहीं किया गया है।

टीम ऐलान के बाद दिखे नेट प्रैक्टिस करते हुए
इससे पहले जब पिछले महीने 26 अक्टूबर को टीम इंडिया का ऐलान किया गया था तो रोहित शर्मा को टीम में जगह नहीं दी गई थी और उस वक्त कहा गया था कि हम रोहित शर्मा की चोट पर नजर बनाए हैं और उनका आंकलन करेंगे। लेकिन टीम के ऐलान के बाद ही रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की नेट प्रैक्टिस के दौरान प्रैक्टिस करते दिखे और लंबे-लंबे शॉट खेलते हुए दिखे। यानि एक बार फिर से रोहित शर्मा ने यह दिखाने की कोशिश की कि वह फिट हैं, उन्हें जानबूझकर टीम में शामिल नहीं किया गया है।

फिटनेस पर रहस्य
अहम बात यह है कि टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 26 अक्टूबर को ऐलान किया गया और ऑस्ट्रेलिया दौरा 29 नवंबर से शुरू हो रहा है। ऐसे में टीम के ऐलान के समय ऑस्ट्रेलिया के दौरे को शुरू होने में एक महीने से अधिक का समय था, बावजूद इसके कि इतना लंबा समय था फिर भी रोहित को टीम में क्यों शामिल नहीं किया गया, यह खुद में सवाल उठाता है। आखिर क्यों रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर सही जानकारी सामने नहीं आ रही है यह अपने आप में दर्शाता है कि टीम इंडिया में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।

क्या टीम से दूर रखने की है कोशिश
जिस तरह से पहले टीम के चयन से रोहित शर्मा को दूर रखा गया, लेकिन रोहित ने नेट प्रैक्टिस के जरिए दिखाने की कोशिश की कि उनकी चोट गंभीर नहीं है। उसके बाद बीसीसीआई के अध्यक्ष का बयान आया और फिर रोहित शर्मा ने मैच खेलकर साबित किया कि वह फिट हैं। ऐसे में एक सवाल यह भी उठता है कि क्या बीसीसीआई को रोहित की फिटनेस की गलत जानकारी देकर उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे से दूर रखने की कोशिश की जा रही है और आखिर कौन यह चाहता है कि रोहित ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ना जाएं।


Click it and Unblock the Notifications
