सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर के बुरी तरह से चोटिल होने की खबरें सामने आ रही हैं। ओपनर बल्लेबाज वॉर्नर अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हुए हैं। वॉर्नर 2 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, उसी दौरान जोश हेजलवुड ने उन्हें एक बाउंसर गेंद की, लेकिन वॉर्नर उस गेंद पर शॉट नहीं लगा पाए और गेंद सीधी उनके गर्दन पर आ लगी। गेंद लगने से वॉर्नर पिच पर ही गिर पड़े, लेकिन वो फौरन उठे और हेलमेट उतारकर ग्राउंड से बाहर चलते चले गए। यह अभ्यास मैच बांग्लादेश के साथ सीरीज खेलने से पहले आयोजित किया गया था, जिसमें आस्ट्रेलिया के ही सभी खिलाड़ी खेल रहे थे।
वॉर्नर बांग्लादेश दौरे से पहले स्टीव स्मिथ इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में बल्लेबाजी कर रहे थे। स्लिप पर खड़े ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान स्टीव स्मिथ तुरंत वॉर्नर की तरफ दौड़े। इस दौरान टीम डॉक्टर भी तेजी से दौड़ते हुए मैदान पर वॉर्नर के पास पहुंचे। वहीं वॉर्नर जल्द ही चेंजिंग रूम में गए और अपनी चोट पर बारीकी से नजर दौड़ाई। हालांकि अच्छी खबर यह है कि वार्नर अब फिट हैं और उनकी चोट गंभीर नहीं है। इस अभ्यास मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया की 14 सदस्यीय टीम को बांग्लादेश के लिए शुक्रवार को रवाना होना है। आपको बता दें कि ढाका में सीरीज का पहला टेस्ट 27 अगस्त से खेला जाएगा।
आपको बता दें कि सिडनी में दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के साथ घरेलू मैच के दौरान न्यू साउथ वेल्स के गेंदबाज सीन अबॉट की गेंद ह्यूज की गर्दन में लग गई थी। गेंद लगने के बाद वह मैदान पर ही गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था जहां ब्रेन हैमरेज से उनकी मौत हो गई थी।