नई दिल्ली। टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज युवराज सिंह और सुरेश रैना को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टीम में जगह नहीं मिली। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले तीन वनडे मैचों के लिए टीम का सलेक्शन किया गया। दोनों ही क्रिकेटर्स श्रीलंका दौरे पर भी टीम में शामिल नहीं किए गए थे, अब एक बार फिर इन स्टार बल्लेबाजों की अनदेखी करना बोर्ड और कप्तान कोहली को महंगा पड़ रहा है।
युवराज और रैना, दोनों ही सालों से टीम के लिए खेलते आए हैं। युवराज ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को हराकर क्रिकेट में जोरदार वापसी की थी। वहीं रैना भी पुराने खिलाड़ी हैं लेकिन उन्हें वनडे मैच खेले हुए दो साल हो गए हैं। इन दोनों को टीम में शामिल न किए जाने के बाद से विराट कोहली पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फैंस की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
सुरेश रैना के फैंस ट्विटर पर #BringBackRaina हैशटैग के साथ अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग विराट पर निशाना साधते हुए कह रहे हैं कि वो केवल अपनी आईपीएल टीम के खिलाड़ियों को शामिल कर रहे हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए केएल राहुल का भी सलेक्शन हुआ है जो आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु से खेलते हैं। श्रीलंका दौरे पर केएल राहुल कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए थे जिसके कारण उनके सलेक्शन पर सवाल उठाया जाना लाजमी है।
ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा, 'टीम को ओपनर नहीं, बल्कि मिडिल ऑर्डर की जरूरत है। विराट आपका दिमाग काम नहीं कर रहा है। युजवेंद्र चहल और केएल राहुल को टीम से निकालिए और रैना को शामिल करिए।' वहीं युवराज सिंह के फैंस भी #BringBackYuvi हैशटैग के जरिये युवी की टीम में वापसी की मांग कर रहे हैं। फैंस का कहना है कि मिडिल ऑर्डर में नंबर 4 पर युवराज से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं हो सकता।