कोलकाता। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच ड्रा हो गया है। आखिरी दिन टीम इंडिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और श्रीलंका के सामने 231 रन का लक्ष्य रखा था लेकिन लंका की टीम ने 75 रन पर 7 विकेट गंवा दिए। खराब रोशनी के चलते मैच को समय से पहले ही रोक दिया गया, जिसके चलते श्रीलंका इस मैच में हार से बच गई और यह मैच ड्रा हो गया। टीम इंडिया की ओर से दूसरी इनिंग में भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट, मोहम्मद शामी ने 2 विकेट और उमेश यादव ने एक विकेट लिया।
कप्तान कोहली के शानदार शतक की बदौलत भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 231 रनों का लक्ष्य रखा था। पहली इनिंग में भारतीय टीम महज 172 रन बना सकी, उसके बाद श्रीलंका ने पहली इनिंग में 49 रन की लीड ली। जिसके बाद दूसरी इनिंग में भारतीय बल्लेबाजों ने अपना दमखम दिखाते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दी। केएल राहुल ने शानदार 79 रनों की पारी खेली तो शिखर धवन ने 94 रन बनाए, जिसकी बदौलत टीम इंडिया मजबूत स्थिति में पहंच गई थी। भारतीय टीम ने पांचवे दिन का खेल शुरू होने के बाद पहला विकेट केएल राहुल के रूप मे खोया, जिसके बाद पुजारा और रहाणे भी पवेलियन लौट गए। इन तीनों को आज लकमल ने पवेलियन की राह दिखाईए। इसके बाद रवींद्र जडेजा भी कुछ खास नहीं कर सके और आउट हो गए। जडेजा के बाद क्रीज पर बैटिंग करने आए अश्विन सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। अश्विन के बाद साहा भी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए।
अहम झलकियां
विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 104 रनों की पारी खेली, इस पारी में उन्होंने 119 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं दूसरे छोर पर उनका साथ देते हुए मोहम्मद शमी ने नाबाद 12 रनों की पारी खेली, उन्होंने भी दो शानदार चौके लगाए। भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 352 रन बनाए और कप्तान कोहली ने पारी को घोषित कर दिया। जिसके बाद टीम इंडिया ने श्री लंका के सामने 231 रनों का लक्ष्य रखा।
जिस वक्त ऐसा लग रहा था कि केएल राहुल शतक लगाएंगे तो उसी वक्त लकमल की बेहतरीन गेंद पर वह क्लीन बोल्ड हो गए, जिसके बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को मैदान में आना पड़ा। राहुल के बाद चेतेश्वर पुजारा को भी लकमल ने पवेलियन भेजा, उनका बेहतरीन कैच दिलुरवान परेरा ने लिया। एक के बाद एक दो विकेट गिरने के बाद रहाणे सिर्फ 4 गेंद खेलकर बिना खाता खोले लकमल की गेंद पर पगबधा आउट हो गए।