इस साल इन 5 गेंदबाजों का रहा जलवा, लिए सबसे ज्यादा T20I विकेट
स्पोर्ट्स डेस्क (नोएडा) : साल 2020 कोरोनावायरस के कारण अच्छा नहीं बीता था, लेकिन इस साल मैदान पर क्रिकेट की वापसी हुई। कई ऐसे रोमांचक मैच देखने को मिले, जिसने दर्शकों के लिए अंतिम समय तक रोमांच बनाए रखा। इस साल किस खिलाड़ी ने क्या पाया, क्या खोया, यह जानने के लिए भी फैंस की नजरें खबरों पर बनीं रहती हैं। ऐसे में उन 5 गेंदबाजों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने इस साल अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लिए। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए निराश कर देने वाली खबर हालांकि यह है लिस्ट में एक भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है। इस साल टी20आई में विदेशी गेंदबाजों का जलवा रहा। काैन हैं वो 5 गेंदबाज, आइए जानें-
यह भी पढ़ें- Flashback 2021 : आकाश चोपड़ा ने चुने टाॅप-5 गेंदबाज, जिन्होंने टेस्ट में मचाया तहलका

1. वानिंदु हसरंगा
इस साल टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट श्रीलंका क्रिकेट टीम के 24 साल के स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने चटकाए हैं। हसरंगा ने इस साल कुल 20 मुकाबले खेले और इस दाैरान उन्होंने 36 विकेट अपने नाम किए। एक बार पारी में हसरंगा ने 4 विकेट हासिल करने का काम किया है। उनका बेस्ट प्रदर्शन 9 रन देकर 4 विकेट रहा, जबकि इकोनॉमी रेट 5.44 का रहा। हसरंगा ने 77 ओवर फेंके, जिसमें 419 रन दिए।

2. तबरेज शम्सी
लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे हैं साउथ अफ्रीका के धाककड़ स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी, जिन्होंने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है। 31 साल के शम्सी ने इस साल 22 ही मैच खेले हैं, जिसमें 36 विकेट चटकाए। शम्सी ने दो बार 4-4 विकेट हासिल किए। उनका बेस्ट प्रदर्शन 25 रन देकर 4 विकेट रहा है। शम्सी ने 5.72 की इकोनॉमी रेट से रन खर्च किए। उन्होंने 84 ओवर फेंकते हुए 481 रन दिए।

3. दिनेश नाकरानी
वहीं यूगांडा के मध्यम तेज गति के गेंदबाज दिनेश नाकरानी इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। नाकरानी ने इस साल 22 मैच खेलते हुए 35 विकेट लिए। उनका इस साल 7 रन देकर 6 विकेट लेना बेस्ट प्रदर्शन रहा है। उन्होंने 5.05 की इकोनाॅमी रेट से रन खर्च किए। नाकरानी ने 74 ओवर फेंकते हुए 374 रन दिए हैं। नाकरानी ने 2 बार 5 या इससे अधिक विकेट लेने का काम किया।

4. वसीम अब्बास
चाैथे नंबर पर हैं माल्टा क्रिकेट टीम के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज वसीम अब्बास। उन्होंने इस प्रारूप में इस साल धाकड़ गेंदबाजी की है। अब्बास ने इस साल 18 टी20आई मुकाबले खेले और कुल 29 विकेट लिए। इस दौरान उनका बेस्ट 37 रन देकर 5 विकेट रहा। उन्होंने 7.22 की इकोनाॅमी रेट से रन खर्च किए। उन्होंने 63.3 ओवर फेंकते हुए 459 रन दिए। उन्होंने किसी एक मैच में एक बार 4 व एक बार 5 विकेट लेने का काम किया।

5. मुश्ताफिजुर रहमान
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के 27 साल के तेज गेंदबाज मुश्ताफिुजर रहमान 5वें नंबर पर जगह बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने इस साल खेले 20 मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 12 रन देकर 4 विकेट रहा। रहमान का इकोनाॅमी रेट 7.00 का रहा। उन्होंने कुल 69.3 ओवर फेंके, जिसमें 487 रन दिए। साथ ही रहमान ने दो बार किसी एक मैच में 4 विकेट लेने का काम किया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
