नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट वनडे और टी20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 2016 के सबसे ज्यादा ब्रांड वैल्यू वाली भारतीय खिलाड़ी बने हुए हैं। हालांकि, 2015 के मुकाबले उनकी वैल्यू में 47 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है।
फोर्ब्स ने हाल ही फैब 40 लिस्ट जारी की। इसमें महेंद्र सिंह धोनी टॉप भारतीय एथलीट हैं जिनकी ब्रांड वैल्यू सर्वाधिक है। फोर्ब्स फैब 40 की ताजा लिस्ट में धोनी 73करोड़ रुपए की ब्रांड वैल्यू के साथ 10वें नंंबर पर हैं, जबकि पिछले साल वह 140 करोड़ रुपए की ब्रांड वैल्यू के साथ 5वें नंबर पर काबिज थे।
10 नंबर पर पहुंचने के बाद भी धोनी ही एकमात्र ऐसे इंडियन एथलीट हैं, जो इस लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
इस लिस्ट में पहले नंबर पर 240 करोड़ की ब्रांड वैल्यू के साथ टेनिस स्टार रोजर फेडरर काबिज हैं। जबकि पिछले साल ब्रांड वैल्यू 180 करोड़ रुपए ही थी। 17 ग्रैंड स्लैम विजेता फेडरर फिलहाल दुनिया के टॉप 5 टेनिस प्लेयर्स में शामिल नहीं हैं।
फोर्ब्स की इस लिस्ट में दुनियाभर के प्लेयर्स की विज्ञापन से हुई कमाई में से उनकी औसत कमाई को घटाया जाता है और इसी आधार पर उनकी ब्रांड वैल्यू तय होती है।