कौन करेगा स्मिथ को आउट?
इस समय क्रिकेट की दुनिया में सबसे बड़ा सवाल यही चल रहा है कि दुनिया में कौन सा गेंदबाज स्टीव स्मिथ को रोक सकता है। डेल स्टेन के संन्यास के बाद जिस तरह से जोफ्रा आर्चर का उभार हुआ था और उन्होंने स्मिथ को रिटायर्ड हर्ट किया था, उससे लग रहा था कि यह गेंदबाज स्मिथ को एशेज में आगे भी तंग करेगा लेकिन ओल्ड ट्रैफर्ड में जिस तरह से स्मिथ ने आर्चर का सामना किया उसको देखकर गेंदबाजी जगत में जरूर निराशा छाई होगी। गेंदबाजों की हलचल को भांपते हुए ईएसपीएन क्रिकइंफो ने भी दुनिया के आला गेंदबाजों के नाम शेयर करते हुए पूछा है कि कौन सा गेंदबाज इनमें से स्मिथ को रोक सकता है?

स्मिथ को 100 प्रतिशत रोकने वाला गेंदबाज
इस लिस्ट में जेम्स एंडरसन, जसप्रीत बुमराह, कैगिसो रबाडा, मार्नी मोर्कल, जोफ्रा आर्चर, रविंद्र जडेजा, यासिर शाह और रंगाना हेराथ की फोटो है। इस पर क्रिकेट फैंस के अलावा दिग्गज क्रिकेटरों ने भी कमेंट किए हैं। एक ऐसा ही कमेंट इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज डारेन गॉफ ने किया है। गॉफ ने सभी गेंदबाजों को साइड में रखकर बुमराह पर अपना दांव लगाया है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि बुमराह 100 प्रतिशत स्टीव स्मिथ को रोक सकते हैं।
नंबर 4 की समस्या सुलझाने के लिए नए बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने बनाया प्लान

इस 'जंग' का सबको रहेगा इंतजार-
बता दें कि स्मिथ और बुमराह का अब तक टेस्ट क्रिकेट में आमना-सामना नहीं हुआ है और दुनिया को इन दो दिग्गजों के बीच जंग का इंतजार भी है। स्मिथ ने अभी तक दुनिया के विभिन्न कोनों में सभी तरह के गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाए हैं। इस एशेज में स्मिथ ने जहां पहले मैच में 144 और 142 रनों की पारियां खेली थी तो वहीं अब चौथे टेस्ट में 211 रनों की पारी खेल दी है। वहीं, बुमराह की बात की जाए तो उन्होंने भी हाल में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 13 विकेट लेकर कैरेबियाई बल्लेबाजी की रीढ़ चटका दी थी। बुमराह ने इसी सीरीज में अपने टेस्ट करियर की पहली हैट्रिक भी पूरी की थी। स्मिथ और बुमराह की जंग वास्तव में दिलचस्प हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
