नई दिल्ली। विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्व कप के बाद धोनी की संन्यास की खबरें आग की तरह फैली हुई हैं। साैरव गांगुली अब बीसीसीआई के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। ऐसे में सबके जहन में सवाल है कि क्या गांगुली धोनी के संन्यास पर कोई फैसला लेंगे। हालांकि गांगुली ने साफ कहा कि इस मुद्दे पर अचानक फैसला नहीं लिया जा सकता, क्योंकि चैंपियन आसानी से बाहर नहीं जाते। वहीं इस बीच बीसीसीआई के पूर्व सचिव संजय जगदाले बयान देते हुए कहा कि धोनी कब संन्यास लेंगे यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।
जगदाले ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी के भविष्य के मसले को बात चीत के जरिए आसानी से हल किया जा सकता है। जगदाले ने कहा, 'गांगुली और चयनकर्ताओं को 38 वर्षीय इस विकेटकीपर बल्लेबाज से बात करनी चाहिए, ताकि मुद्दे को आसानी से हल किया जा सके। जगदाले ने कहा, 'धोनी के भविष्य का मसला कोई बड़ा मुद्दा नहीं है और इसे ज्यादा तूल दिए जाने की जरूरत नहीं है। गांगुली और चयनकर्ता, धोनी से सीधे बात कर इस मुद्दे को आसानी से हल कर सकते हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि हर देश के बड़े क्रिकेटरों से बातचीत के जरिए ऐसे मसलों को सुलझा लिया जाता है। वहीं गागुली को नई जिम्मेदारी संभालते हुए देख जगदाले ने कहा, 'गांगुली को बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में हालांकि केवल 10 महीने का कार्यकाल मिला है। लेकिन मुझे विश्वास है कि क्रिकेटर और खेल प्रशासक के तौर पर उनके विस्तृत अनुभव का भारतीय क्रिकेट को फायदा मिलेगा।'
नए बीसीसीआई अध्यक्ष के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों की उम्दा पौध तैयार करने के लिए घरेलू क्रिकेट को बढ़ावा देते हुए देश भर में खेल के बुनियादी ढांचे में इजाफा जरूरी है। उन्होंने कहा, 'गांगुली ने बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष के तौर पर अच्छा काम किया है।' इससे पहले, गांगुली ने बीसीसीआई की कमान संभालने के बाद बुधवार को कहा कि उन्हें नहीं पता कि धोनी अपने करियर के बारे में क्या सोच रहे हैं। बीसीसीआई के नए अध्यक्ष ने हालांकि भरोसा दिलाया कि धोनी सरीखे चोटी के खिलाड़ियों को पूरा सम्मान दिया जाएगा।