नयी दिल्ली। भारत के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी हेमंत कानितकर का लंबी बिमारी के बाद मंगलवार रात पुणे स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। 72 साल के कानितकर ने भारत के लिए 1974-75 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले और बेंगलुरू में अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में 65 रन बनाए।
वो महाराष्ट्र से थे। कानितकर ने 1963-64 से 1977-78 के बीच महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया। मैदान पर अपनी पारी खत्म करने के बाद कानितकर 1992-93 और 1993-94 में बीसीसीआई की अखिल भारतीय जूनियर चयन समिति के भी सदस्य रहे। उन्होंने 1996-97 और 1998-99 में इस समिति का अध्यक्ष पद भी संभाला।
बीसीसीआई के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने कानितकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा, "मेरी संवेदना कानितकर के परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले।" कानितकर ने महाराष्ट्र की ओर से रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए 43.75 की औसत से 3,632 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 1970-71 में राजस्थान के खिलाफ बनाया गया 250 रन रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।