नई दिल्ली। आईपीएल के खत्म होने के बाद टीम इंडिया का वेस्टइंडीज का दौरा होगा। इस दौरे में भारत वेस्टइंडीज के साथ द्वीपक्षीय सीरीज खेलेगी। दोनों देशों के बीच यह सीरीज जुलाई माह में शुरु होगी। बीसीसीआई के सेक्रेटरी अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम एक बार फिर से दोनों देशों के बीच क्रिकेट के रिश्तों की शुरुआत से खुश हैं। भारत जुलाई-अगस्त माह के बीच चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
Video- स्टंप के पीछे कप्तान धोनी के 10 जादुयी कारनामे
दोनों देशों के बीच रिश्तों में उस वक्त खटास आ गयी थी जब 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी वेतन के विवाद के चलते श्रृंखला बीच में ही छोड़कर चले गये थे। जिसके बाद बीसीसीआई ने दोनों देशों के बीच सभी प्रस्तावित मैच खत्म कर दिये थे और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड से 42 मिलियन डॉलर का हर्जाना मांगा था।
बीसीसीआई प्रेसिडेंट शशांक मनोहर ने हाल ही में हर्जाना राशि माफ करने की बात भी कही थी। हालांकि सीरीज की तारीखों का अभी ऐलान नहीं किया गया है। बहरहाल देखने वाली बात यह होगी कि तमाम विवादों को भूल वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड बड़े खिलाड़ियों को मौका देता है या नहीं।