आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं
पाकिस्तान के क्रिकेटर अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग में भी हिस्सा नहीं ले पाएँगे.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख एजाज़ बट ने बीबीसी हिंदी को बताया, "हमने तो विदेश विभाग, रक्षा मंत्रालय और खेल मंत्रालय से अनुमति लेकर दे दी थी मगर हमें बताया गया है कि अभी तक उन्हें वीज़ा ही नहीं मिला है."
पाकिस्तान के खिलाड़ी आईपीएल में हिस्सा ले सकें इसलिए उनके लिए समय सीमा सात दिसंबर तक के लिए बढ़ाई गई थी मगर उन्हें वीज़ा नहीं मिलने के बाद आईपीएल ने समय सीमा और नहीं बढ़ाने का फ़ैसला किया है.
आईपीएल के प्रमुख ललित मोदी का कहना था, "पाकिस्तान के खिलाड़ी अगले आईपीएल में शामिल नहीं हो पाएँगे. हम टीमों को बता रहे हैं कि अब वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों की जगह दूसरे खिलाड़ियों को शामिल करने की ओर काम शुरू कर सकते हैं."
आईपीएल का ये तीसरा सत्र होगा और अगले साल ये 12 मार्च से 25 अप्रैल के बीच होना है.
पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले आईपीएल में 2008 में शामिल हुए थे मगर साल के अंत में हुए मुंबई हमलों के बाद तनाव को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने उन्हें इस साल हुए आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं दी थी.
वैसे इस साल भारत में आम चुनाव के चलते आईपीएल दक्षिण अफ़्रीका में आयोजित किया गया था.
एजाज़ बट का कहना था, "हमने अपनी ओर से सभी ज़रूरतें पूरी कर दी थीं मगर वीज़ा तो हमारे हाथ में नहीं है. भारतीय उच्चायोग से हमें बताया गया है कि हम सरकार से निर्देशों का इंतज़ार कर रहे हैं, उसके बाद ही कुछ हो सकता है."
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
