बर्मिघम, 11 जून (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा डब्ल्यूटीए डीएफएस क्लासिक प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं जबकि भारत की ही सुनीथा राव इस प्रतियोगिता के तीसरे दौर में प्रवेश कर गई हैं।
चोट की वजह से तीन महीने तक कोर्ट से दूर रही भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा की मैदान पर वापसी सुखद नहीं रही। न्यूजीलैंड की मारिना इराकोविक से सीधे सेटों में हारकर सानिया इस प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं। प्रतियोगिता में यह उनका पहला मैच था।
इराकोविक ने सानिया को सीधे सेटों में 6-3, 6-0 से हराया। इस प्रतियोगिता में छठी वरीयता प्राप्त सानिया को पहले दौर में 'बाई' मिला था।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलियन ओपन टेनिस मुकाबले के दौरान सानिया को कलाई में चोट आ गई थी। चोट के कारण सानिया फ्रेंच ओपन मुकाबले में भी नहीं खेल पाई थी।
एक अन्य मुकाबले में सुनीथा राव ने नाओमी केवेडी को हराया। दोनों के बीच का मुकाबला कांटे का हुआ। पहला सेट 4-6 से हारने के बाद सुनीथा ने दूसरे और तीसरे सीट में 6-3, 6-1 से जीत दर्ज की।
यूक्रेन की एलोना बोंडारेंको और स्पैन की विर्जिनिया रूआनो पास्कल के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से सुनीथा का अगला मुकाबला होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।