अफरीदी की कप्तानी में खिताब बचाने उतरेगी पाक टीम (लीड-2)
पीसीबी ने 30 वर्षीय अफरीदी को खिताब की रक्षा के लिए वेस्टइंडीज जाने वाली 15 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया है। पाकिस्तान ने पिछले वर्ष इंग्लैंड में यह खिताब अपने नाम किया था। विश्व कप के लिए टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
अनुशासनहीनता, खराब खेल और गेंद के साथ छेड़छाड़ के मामले में पीसीबी ने इस महीने की 10 तारीख को अफरीदी सहित सात खिलाड़ियों पर प्रतिबंध और भारी जुर्माना लगाया है।
अफरीदी पर 30 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। साथ ही पीसीबी ने कहा है कि वह आने वाले छह महीनों तक उनके व्यवहार पर कड़ी नजर रखेगा।
टीम की घोषणा के समय पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट ने कप्तान के नाम की घोषणा नहीं की थी क्योंकि उस समय हरफनमौला खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक, सलमान बट्ट या फिर मिस्बाह उल हक को भी यह जिम्मेदारी दिए जाने की बात चल रही थी।
अफरीदी को दूसरी बार ट्वेंटी-20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। विश्व कप जीतने के तुरंत बाद नियमित कप्तान यूनुस खान के ट्वेंटी-20 से संन्यास लेने के बाद पीसीबी ने अफरीदी को यह जिम्मेदारी सौंपी थी।
आस्ट्रेलिया के साथ पर्थ में खेले गए पांचवें एकदिवसीय मुकाबले के दौरान गेंद के साथ छेड़छाड़ करते पकड़े जाने के कारण अफरीदी को कप्तानी गंवानी पड़ी थी। आईसीसी ने अफरीदी पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाया था। उसके बाद पीसीबी ने यह जिम्मेदारी शोएब मलिक को दे दी थी।
मलिक भी ट्वेंटी-20 कप्तान की दौड़ में शामिल थे लेकिन अनुशासनहीनता और खराब खेल के कारण पीसीबी द्वारा एक वर्ष प्रतिबंध लगाए जाने के बाद वह इस दौड़ से बाहर हो गए। उनके बाहर होते ही अफरीदी सशक्त उम्मीदवार के तौर पर सामने आए।
बहरहाल, मोहम्मद यूसुफ पर आजीवन प्रतिबंध लगाने के बाद पीसीबी को पाकिस्तानी टीम के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान के नाम की भी घोषणा करनी थी लेकिन इस संबंध में मंगलवार को कोई फैसला नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications