गांगुली ने दी कोहली को सलाह- T-20 वर्ल्ड कप के लिए इन 2 खिलाड़ियों को तुरंत माैका दो
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम अब अगले साल होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी हुई है। इस बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के लिए कप्तान विराट कोहली ने भी नए खिलाड़ियों को माैके देना शुरू कर दिए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी और दीपक चाहर जैसे युवा खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने का माैका दिया, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर सके और टीम सीरीज जीतने से भी चूक गई। ऐसे में पूर्व कप्तान साैरव गांगुली ने कोहली को खास सलाह देते हुए कहा कि उन 2 खिलाड़ियों को तुरंत माैका दो जो बाहर बैठे हुए हैं।

इन्हें टीम में वापस लाना जरूरी
गांगुली ने टाइम्स ऑफ इंडिया अखबार में लिखे अपने कॉलम में लिखा है कि टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर विराट कोहली को कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को तुरंत टीम में मौका देना चाहिए। उन्होंने लिखा, "मौजूदा भारतीय टीम अच्छी है लेकिन विराट कोहली को तुरंत अपने कलाई के स्पिनर्स को टीम में वापस लाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि युजवेंद्र चहल को सिर्फ दूसरे युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए आराम दिया गया, नहीं तो युजवेंद्र चहल टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा जरूर होने चाहिए।"

दो लेफ्ट आर्म स्पिनर्स की जरूरत नहीं
कुलदीप और चहल का टी20 रिकॉर्ड बेहद ही शानदार है। कुलदीप यादव ने 18 टी20 मैचों में 35 विकेट हासिल किए हैं और उनका इकॉनमी रेट महज 6.72 है। वहीं युजवेंद्र चहल ने भी 31 मैचों में 46 विकेट अपने नाम किए हैं। गांगुली के मुताबिक भारतीय टीम को दो लेफ्ट आर्म स्पिनर्स की जरूरत नहीं है। उन्होंने लिखा, 'भारत को रवींद्र जडेजा और क्रुणाल पंड्या के तौर पर दो- दो लेफ्ट आर्म स्पिनर्स की जरूरत नहीं है। मुझे उम्मीद है कि भारतीय टीम साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में अच्छी पिच बनाएगी जो कि रैंक टर्नर नहीं होगी, क्योंकि टीम इंडिया किसी भी पिच पर अच्छा खेल सकती है।'

विराट को शांत रहने की जरूरत
सौरव गांगुली ने अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड कप से पहले विराट कोहली को शांत रहने की सलाह भी दी। उनके मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें कई लोग सलाह देंगे लेकिन विराट कोहली के लिए जरूरी ये है कि वो ज्यादा से ज्यादा वक्त तक शांत रहें।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
