नई दिल्ली। कप्तान कोहली के बाद अब एक और स्टार बल्लेबाज ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बचाव किया है। टीम इंडिया से बाहर चल रहे विस्फोटक बल्लेबाज गौतम गंभीर ने धोनी का बचाव करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है। गंभीर ने कहा कि धोनी जिस श्रेय के हकदार हैं, वो उन्हें मिलना चाहिए।
दोनी की कप्तानी में कई मैच जिताऊ पारियां खेलने वाले गंभीर ने कहा, 'जहां जरूरी है वहां श्रेय दिया जाना चाहिए। लोगों ने धोनी की कप्तानी पर सवाल उठाए। उन्होंने जो टीम के लिए किया है, वो हर कोई नहीं कर सकता। जब टीम का बुरा वक्त चल रहा था, तब उन्होंने बखूबी टीम को संभाला।' गंभीर ने कहा कि अच्छा वक्त हर कोई संभाल लेता है, लेकिन जिस तरह धोनी ने टीम को लड़खड़ाने से बचाया है, वो काबिले तारीफ है। 'इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया नें जब हम बुरा प्रदर्शन कर रहे थे, तो वो बहुत शांत थे। मुझे लगता है कि उन्हें क्रेडिट दिया जाना चाहिए।'
गंभीर ने ये भी कहा कि उन्होंने खेल का सबसे ज्यादा मजा धोनी की कप्तानी में ही लिया है। गंभीर ने कहा, 'मैंने सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, विरेंद्र सहवाग और धोनी के मार्गदर्शन में खेला हूं। मुझे लगता है कि मैंने सबसे ज्यादा इंज्वॉय धोनी की कप्तानी में लिया। वो बहुत ही शांत और कूल हैं। वो चीजों को बहुत ही सिंपल रखते हैं जोकि बहुत अच्छा है।'
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों आलोचकों के निशाने पर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टी20 मैच हारने के बाद सभी ने हार का ठीकरा उनके सिर फोड़ते हुए कहा था कि अब उन्हें रिटायर हो जाना चाहिए। इसपर टीम के कप्तान विराट कोहली ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि धोनी को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।
कोहली ने कहा था, 'मुझे समझ नहीं आता लोग सिर्फ उन पर (धोनी) पर उंगली क्यों उठा रहे हैं, अगर मैं तीन मैच में रन न बनाऊं, तो मेरे ऊपर कोई उंगली नहीं उठाएगा, क्योंकि मैं 35 साल का नहीं हूं, तो उनके साथ ऐसा क्यों? राजकोट में उस समय स्थिति ऐसी थी, कि अगर हार्दिक पंड्या बल्लेबाजी के लिए आते, तो वो भी रन नहीं बना सकते थे, किसी को भी धोनी पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है।'