चेन्नई टेस्ट : मामूली साबित हुआ 387 रनों का लक्ष्य (लीड-5)
इसी का नतीजा था कि भारत ने अंतिम दिन का खेल खत्म होने से लगभग एक घंटे पहले चार विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। भारत की जीत में तेंदुलकर तथा युवराज के बीच पांचवें विकेट के लिए जोड़े गए 163 रन और वीरेंद्र सहवाग तथा गौतम गंभीर के बीच पहले विकेट के जोड़े गए 117 रनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
तेंदुलकर ने अपनी 196 गेंदों की पारी में नौ चौके लगाए जबकि युवराज ने 131 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का जड़ा। तेंदुलकर ने अपने केरियर का 41वां टेस्ट शतक जड़ा। तेंदुलकर और युवराज की पारियों की जितनी तारीफ की जाए कम है। पूरी तरह टूट चुकी विकेट पर मैच के अंतिम दोनों ने जिस धैर्य और साहस के साथ बल्लेबाजी की, वह अपने आप में एक मिसाल है।
तेंदुलकर और युवराज की साहस गाथा के बीच सहवाग की तूफानी पारी को भूलना बिल्कुल बेमानी होगा। अपनी ताबड़तोड़ पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए सहवाग मैच के चौथे दिन ही 83 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि जाते-जाते वे भारत के लिए जीत की राह खोल गए थे। उनके जोड़ीदार गंभीर ने भी बिल्कुल उन्हीं की राह पर चलते हुए 66 रनों का योगदान दिया।
भारतीय टीम ने मैच के चौथे दिन रविवार को एक विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए थे। गंभीर 41 और द्रविड़ दो रन बनाकर नाबाद लौटे थे। भारत ने अपना एकमात्र विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में 117 रनों के कुल योग पर गंवाया था।
पांचवें दिन के पहले सत्र में भारत ने अपना पहला विकेट द्रविड़ के रूप में गंवाया। अपने करियर के सबसे खराब फॉर्म में चल रहे द्रविड़ 141 रन के कुल योग पर हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ की गेंद पर विकेटकीपर मैट प्रॉयर द्वारा लपके गए।
द्रविड़ के विदा होने के बाद तेंदुलकर और गंभीर ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। 66 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर गंभीर भी चलते बने। उन्हें जेम्स एंडरसन ने पॉल कोलिंगवुड के हाथों कैच कराया। गंभीर ने 139 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए। भारत का यह विकेट 183 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद वी.वी.एस. लक्ष्मण (26) ने तेंदुलकर के साथ मिलकर पारी को संवारने की बागडोर संभाली। दोनों ने भोजनकाल तक भारत और कोई और नुकसान नहीं होने दिया लेकिन भोजनकाल के तुरंत बाद लक्ष्मण 44 गेंदों पर चार चौके लगाकर स्पिनर ग्रीम स्वान की गेंद पर इयान बेल द्वारा लपके गए।
अंतिम दिन लक्ष्मण के रूप में भारत का अंतिम विकेट गिरा। इसके बाद तो तेंदुलकर और युवराज ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को एक भी मौका नहीं दिया और भारत को जीत दिलाकर ही लौटे। इंग्लैंड की ओर से स्वान ने दो विकेट लिए जबकि फ्लिंटॉफ और एंडरसन को एक-एक विकेट मिले।
दो मैचों की श्रंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे हो गई है। दूसरा मैच 19 दिसंबर से मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications