नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर कुछ खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर अपनी एक खास पहचान बनाई, इसमे हार्दिक पांड्या ने अपने प्रदर्शन से हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया। मिडल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए रन बटोरे हैं। इसके अलावा हार्दिक टीम इंडिया के नए फिनिशर के तौर पर उभरकर सामने आए हैं, जिनकी जबरदस्त फिनिशिंग की बदौलत टीम इंडिया ने टी-20 सीरीज में जीत दर्ज की। दूसरे टी-20 में पांड्या ने 22 गेंदों पर 42 रन बनाए जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की। हार्दिक पांड्या की शानदार पारी की बदौलत हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर भी हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी से काफी प्रभावित हैं। गंभीर ने कहा कि पांड्या ऐसे बल्लेबाज हैं जो किसी भी टार्गेट का हासिल कर सकते हैं। गंभीर ने कहा कि हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में इस तरह की कई पारियां खेली हैं, जब आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आते हैं तो आपका आत्मविश्वास काफी जबरदस्त रहता है। पांड्या ने मुंबई इंडियंस के लिए इस तरह की पारियां खेली हैं, लिहाजा रविवार को उन्होंने कुछ नया नहीं किया है।
पांड्या की तारीफ करते हुए गंभीर ने कहा कि हार्दिक जैसे बल्लेबाज बहुत ही कम होते हैं, इससे पहले युवराज सिंह, महंद्र सिंह धोनी थे। अब ग्लेन मैक्सवेल हैं, ये लोग किसी भी टार्गेट का पीछा कर सकते हैं। अगर आपको आखिरी ओवर में 25-30 रन चाहिए हो तो भी इनके जैसे खिलाड़ी के क्रीज पर होने से भरोसा रहता है कि ये इस लक्ष्य को भी हासिल कर सकते हैं।
बता दें कि आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीत दर्ज करके भारतीय टीम सीरीज में क्लीन स्वीप के साथ टेस्ट सीरीज की शुरुआत करने की कोशिश करेगी। पहले दोनों ही मुकाबले जीतकर भारतीय टीम इस सरीजी को पहले ही अपने नाम कर चुकी है।