नई दिल्ली। आईपीएल 11 में खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी से हटने के बाद गौतम गभीर ने ट्वीट कर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली ने अब 6 मैचों में 5 में हार का मुंह देखा है जबकि उसे मात्र एक मैच में जीत नसीब हुई है। गंभीर का खुद का प्रदर्शन भी बेहद खराब रहा है। वे कप्तानी के मोर्चे से भी टीम को संभाल नहीं पा रहे हैं। गंभीर ने 5 मैचों में मात्र 85 रन बनाए हैं। जिसमें एक फिफ्टी शामिल है।
गंभीर ने कप्तानी छोड़ने के बाद कहा, 'यह मेरा फैसला है। मैं टीम के लिए ज्यादा योगदान नहीं दे सका। मुझे नेतृत्व करने के तौर पर इसकी जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। मुझे लगता है कि यही सही समय है।'
इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर बड़ी बात कही है। गंभीर ने लिखा- सच है, कि मैंने दिल्ली की कप्तानी छोड़ दी है। बस यह स्पष्ट करने के लिए कि यह केवल मेरा फैसला था। प्रबंधन या कोचिंग स्टाफ ने कुछ भी नहीं कहा। भले ही मैं टीम को फ्रंट से लीड न करूं लेकिन मैं दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खड़ा आखिरी व्यक्ति रहूंगा। टीम से बड़ा कोई भी नहीं।"
True, that I’ve stepped down from DD captaincy. Just to clarify it was my call, nothing from the management or coaching staff. I may not be leading from the front but I will be the last man standing for @DelhiDaredevils. No individual bigger than d team. Very much a #DilDIlli
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) April 25, 2018
बता दें कि आईपीएल के 11वें सीजन के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स ने गौतम गंभीर को अपना कप्तान बनाया था। दिल्ली के ही रहने वाले गौतम गंभीर को इस साल कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके कहने पर उन्हें रिलीज कर दिया था। जिसके बाद जनवरी के अंत में हुई नीलामी में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने अपने इस घरेलू क्रिकेटर को 2.8 करोड़ रुपए में खरीदा था। दिल्ली ने गौतम गंभीर को आईपीएल नीलामी के पहले दिन 2.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। गंभीर की कप्तानी में टीम पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के मकसद से मैदान में उतरी थी लेकिन उसे अब तक केवल हार मिली है।