इंदौर: आईपीएल 2018 में किंग्स एलेवन पंजाब की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। सभी खिलाड़ियों ने इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजों ने जमकर चौके-छक्के जड़े हैं। ओपनर केएल राहुल इस सीजन में धमाल मचा दिया है। केएल राहुल ने 9 मैचों में 47 की औसत से 376 रन बनाए हैं। केएल राहुल आईपीएल के इस सत्र में जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे हैं।
केएल राहुल ने इस सीजन में गेल के साथ मिलकर टीम को कई मैचों में जीत दिलाई है। गेल के साथ खेलने पर राहुल काफी खुश हैं और इसे अपने लिए बड़ा मौका भी मानते हैं। राहुल और गेल ने मिलकर लगातार पांच फिफ्टी प्लस साझेदारियां की और विराट कोहली और एबी डीविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
राहुल गेल के बारे में कहते हैं, 'हमनें कई वर्षों तक आरसीबी के लिए साथ खेला और अब किंग्स इलेवन की टीम के लिए भी साथ खेल रहे हैं। हमें एक-दूसरे की कंपनी अच्छी लगती है। गेल एक जबरदस्त इंटरटेनर है और उनके साथ मजा आता है। उनके साथ खेलने पर मुझपर दबाव कम हो जाता है।'
वो कहते हैं कि सभी का ध्यान गेल पर होता है और ऐसे में उन्हें अपना खेल खेलने में मजा आता है। वो अपने खेल को एन्जॉय कर रहे हैं। राहुल कहते हैं कि गेल एकदम दबावमुक्त होकर खेलते हैं और हमेशा मुस्कुराते रहते हैं। राहुल कहते हैं कि अपने खेल को एन्जॉय करना कोई गेल से सीखे।
ये भी पढ़ें: KXIP ने नहीं जमा किया मनोरंजन टैक्स, इंदौर नगर निगम ने प्रिटी जिंटा को भेजा नोटिस