ग्रीक के 11 भारोत्तोलक मादक पदार्थो के सेवन में लिप्त
एथेंस, 3 मई (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक में हिस्सा लेने को तैयार 11 ग्रीक भारोत्तोलकों को प्रतिबंधित मादक पदार्थो का सेवन करने का दोषी पाया गया है। यह उन पर किया गया दूसरा परीक्षण था।
पहले परीक्षण में भी उन पर नशीले पदार्थो के सेवन के सकारात्मक परिणाम आए थे। इसके बाद उनका ओलंपिक में हिस्सा लेना मुश्किल हो गया है।
जर्मनी के कोलोन शहर की एक प्रयोगशाला में किए गए परीक्षण के नतीजे 4 अप्रैल को घोषित किए गए थे। इसमें विश्व एंटी-डोपिंग एजेंसी (डब्ल्यूएडीए) ने ग्रीस की महिला और पुरुषों के पूरे दल को मादक पदार्थो का दोषी पाया।
नतीजों की घोषणा के बाद दल के वरिष्ठ कोच क्रिस्टोस इयाक्वो ने अपने पद से इस्तीफा देकर भारोत्तोलन की दुनिया से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
कोच के अनुसार चीन के दवा निर्माता, ऑसप्योर बायोटेक्नालॉजी की त्रुटिपूर्ण तकनीक के कारण शुरुआती परीक्षण खराब निकले थे।
इयाक्वो ग्रीस के सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षकों में से एक हैं। उनके अधीन कई खिलाड़ी ओलंपिक प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय भारोत्तोलन संघ (आईडब्ल्यूएफ) के नियमों के अनुसार एक वर्ष के दौरान तीन या अधिक खिलाड़ियों को मादक पदार्थ लेने का दोषी पाए जाने पर समूचे दल पर दो वर्ष तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
वैसे आईडब्ल्यूएफ पहले भी इस तरह के प्रतिबंध लगाकर उन्हें जुर्माने में बदल चुका है। ईरान, रूस, अर्जेटीना और कजाकिस्तान आदि देश जुर्माना अदा करने के बाद 2006 की विश्व प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।
गौरतलब है कि ग्रीस के एक अन्य खिलाड़ी लियोनिडाज़ सम्पानिस मादक पदार्थो के कारण 2004 के ओलंपिक में 63 किलोग्राम श्रेणी में अपना रजत पदक गंवा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications