लंदन। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 शुरू होने से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है। उनके तेज गेंदबाज मार्क वुड पूरी तरह से फिट हैं और वह टीम में अपनी भूमिका निभाते दिखाई देंगे। टीम के प्रवक्ता ने सोमवार को वुड के फिट होने की जानकारी दी। अस्पताल में जांच के बाद 29 साल के इस तेज गेंदबाज को ओवल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले विश्व कप के पहले मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया।
वुड को हाल के दिनों में इंग्लैंड का सबसे तेज गेंदबाज माना जाता है और वह पहले भी चोट से परेशान होते रहे है। लंबे चलने वाले विश्व कप से पहले चोट से बचने के लिए उन्होंने सत्र की शुरूआत से अब तक महज 13.1 ओवर की गेंदबाजी की है। वुड अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में खेलते दिखाई दे सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्मअप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। बीच मैच में वुड को अपने पैर का स्कैन कराने के लिए अस्पताल जाना पड़ा। शनिवार को साउथैम्पटन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वार्मअप मैच में मार्क वुड केवल 3.1 ओवर फेंक पाए और फिर उन्हें चोट की वजह से मैदान छोड़कर जाना पड़ा था।
बता दें कि इससे पहले कप्तान इयोन मोर्गन भी चोट से गुजर रहे थे। उनके खेलने पर संशय था लेकिन अब वो भी फिट घोषित हो चुके हैं। उनकी उंगली में चोट लगी थी जबकि तेज गेंदबाज जोर्फा आर्चर अभी भी चोट से जूझ रहे हैं। आर्चर के बारे में अपडेट आना बाकी है। इंग्लैंड का पहला मैच 30 मई को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा। यह टूर्नामेंट का पहला मैच होगा, ऐसे में मेजबान टीम हर हाल में जीत चाहेगी।