राजस्थान को यह मैच जीतने के लिए शेष 10 ओवरों में 14.20 रन प्रति ओवर की औसत से 142 रन बनाने हैं जबकि उसके आठ विकेट अभी शेष हैं। नमन ओझा 42 और शेन वाटसन 15 के निजी स्कोर पर क्रीज पर थे।
माइकल लंब 37 रन बनाकर एल्बी मोर्केल की गेंद पर अनिरूद्ध के हाथों कैच आउट हुए। मोर्केल की ही गेंद पर एक असाधारण कैच लेकर बोलिंगर ने यूसुफ पठान को चलता किया। पठान ने केवल चार रन बनाए।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज मुरली विजय के विस्फोटक शतकीय प्रहार की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 246 रन बनाकर आईपीएल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। विजय 56 गेंदों पर आठ चौकों व 11 छक्कों की मदद से 127 रन बनाकर शेन वाटसन की गेंद पर फैज फजल के हाथों कैच आउट हुए।
एल्बी मोर्केल 34 गेंदों पर 62 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने 34 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और पांच छक्के लगाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 गेंदों पर 152 रनों की रिकार्ड साझेदारी की। चेन्नई सुपर किंग्स ने अंतिम 10 ओवरों में 157 रन बनाए।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी बिना खाता खोले वाटसन की गेंद पर सुमित नरवाल को कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर श्रीकांत वाग की गेंद पर शेन वाटसन के हाथों लपके गए। सुरेश रैना अधिक देर नहीं टिके और 13 रनों के निजी स्कोर पर शेन वार्न की गेंद पर उनको शॉन टेट ने लपका।
मैथ्यू हेडेन ने मुरली विजय के साथ चेन्नई की पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े।
टूर्नामेंट में रॉयल्स ने अब तक आठ मैचे खेले हैं और इनमें से उसे चार में जीत जबकि इतने ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर चेन्नई ने भी आठ मैच खेले हैं लेकिन उसे सिर्फ तीन मैचों में जीत नसीब हुई है और पांच मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।