
ऐसा करने वाले 12वें खिलाड़ी हैं गंभीर
गंभीर अपने क्रिकेट करियर के अलावा निजी जिंदगी में अच्छे कामों के लिए सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक शहीद की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने का फैसला किया था, साथ ही कई बार वो भारतीय सेना और शहीदों को लेकर दिए गए बयान और ट्वीट को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। 2003 में अपने इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत करने वाले गौतम गंभीर ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 242 मैच खेले और 10324 रन बनाए। आपको बता दें कि गौतम गंभीर भारत के लिए 10 हजार से अधिक इंटरनेशनल रन बनाने वाले 12वें बल्लेबाज हैं।
आईपीएल में अब भी बरकरार है किंग गंभीर का जलवा
गौतम गंभीर आईपीएल के किंग माने जाते हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार आईपीएल का खिताब जिताया है। यहीं नहीं आईपीएल में गंभीर ने रनों का अंबार लगाया है। गंभीर अब तक आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे बल्लेबाज हैं। गंभीर ने 2008 से 2017 तक आईपीएल की 147 पारियों में 4132 रन बनाए हैं। नंबर एक पर सुरेश रैना हैं जिन्होंने 157 पारियों में 4540 रन बनाए हैं।
गंभीर ने 'दो बार' भारत को वर्ल्डकप जिताया
गौतम गंभीर को 2007 विश्व कप टीम में शामिल किया गया था लेकिन टीम इंडिया पहले दौर से ही बाहर हो गई। हालांकि इसके बाद इसी साल हुए टी-20 वर्ल्ड कप के लिए गंभीर को टीम में खेलने का मौका मिला। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्डकप जीता था। फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ गंभीर की 75 रनों की तूफानी पारी ने भारत को खिताब जितवाया था। 2007-08 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीबी सीरीज में कंधे की चोट के चलते गंभीर को टीम से बाहर बैठना पड़ा। बाद में 2009 में गंभीर को आईसीसी ने बेस्ट टेस्ट क्रिकेटर के अवार्ड से नवाजा था। टी20 वर्ल्डकप के अलावा गंभीर ने 2011 में दूसरे वनडे वर्ल्डकप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में जब वीरेंद्र सहवाग 0 और सचिन 18 रन बनाकर आउट हुए तो लगा कि भारत मलिंगा के आगे घुटने टेंक देगा लेकिन तब एक बार फिर से गौतम गंभीर ने मलिंगा की यॉर्कर का सामना करने की ठानी और भारत को जीत की तरफ ढकेल दिया। गंभीर ने 122 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 97 रनों बड़ी पारी खेली। बाद में धोनी ने आकर श्रीलंका का काम तमाम कर दिया था।
लगातार पांच शतक
गंभीर ने 5 टेस्ट मैचों में लगातार शतक लगाए थे। इस मामले में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके महान सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर भी गंभीर से पीछे हैं। गंभीर ने 58 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 4154 रन बनाए हैं और इसमें 9 शतक और 22 अर्द्धशतक शामिल है।
जब चली थी गंभीर की आंधी
जुलाई 2008 से जनवरी 2010 तक का समय गंभीर के नाम दर्ज है। इस दौरान गंभीर ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी-20) की 78 पारियों में 3384 रन बनाए। इस 18 महीने के दौरान गौतम ने 9 शतक और 19 अर्धशतक जमाए। इसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में बनाया।


Click it and Unblock the Notifications
