2022 की कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल हुआ क्रिकेट, 8 अंतरराष्ट्रीय टीमें लेंगी भाग
नई दिल्ली। आखिरकार जिस फैसले का इंतजार लंबे समय से था वो अब पूरा हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल और कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन ने एलान करते हुए कहा कि बर्मिंघम में 2022 में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में महिला टी-20 क्रिकेट को भी शामिल कर लिया गया है। यह क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी खबर है। अब एक बार फिर क्रिकेट का जुनून कॉमनवेल्थ खेलों में देखने को मिलेगा। बता दें कि बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में 18 देशों के 45000 एथलीट हिस्सा लेंगे। यह गेम्स 27 जुलाई से शुरू होकर 7 अगस्त तक खेले जाएंगें।
सीजीएफ की अध्यक्ष लुइस मार्टिन ने कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक दिन है और राष्ट्रमंडल खेलों में फिर से क्रिकेट के लौटने का हम स्वागत करते हैं।" 1998 के बाद ये पहली बार होगा जब क्रिकेट को कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल किया गया है। उस वक्त कुआलालंपुर में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 50 ओवर के क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीता था। उस दौरान जैक्स कैलिस, रिकी पोंटिंग और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों ने भी भाग लिया था। अब इस बार कॉमनवेल्थ खेलों में कुल आठ अंतरराष्ट्रीय टीमें भाग लेंगी। इस दौरान सभी मैच एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे। इसी मैदान पर आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 का सेमीफाइनल मुकाबला भी हुआ था, जिसमें मेजबान इंग्लैंड ने पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी।
आईसीसी के चीफ एग्जीक्यूटिव मनु साहनी के अनुसार, महिला क्रिकेट और विश्व क्रिकेट समुदाय के लिए यह ऐतिहासिक लम्हा है जो इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़े। महिला क्रिकेट को ये सम्मान मिलने से हम बेहद खुश और सम्मानित महसूस कर रहे हैं. हम कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन के भी आभारी हैं, जिसने महिला टी-20 क्रिकेट को बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल करने के लिए वोट दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
