नई दिल्ली। आईपीएल 11 में मुकाबला धीरे-धीरे अब और रोमांचक होने लगा है। मंगलवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में इसकी एक झलक देखेने को मिली। मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच हुए इस शानदार मुकाबले में दोनों ही टीमों ने जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। दरअसल दोनों ही टीमों का इस सीजन में प्रदर्शन अबतक बेहतर नहीं रहा है, ऐसे में इन दोनों ही टीमों के लिए कोई मुकाबला हारना उनके प्लेऑफ के सफर को मुश्किल बना सकता था। हालांकि इस मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को पटखनी जरूर दे दी लेकिन मैच में हार्दिक पांड्या के कमाल ने सभी को अपना दीवाना बना दिया।
एक ओवर में झटके तीन विकेटः मुंबई इंडियंस के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर अपने अंदाज से प्रशंसकों का दिल जीत लिया। दरअसल उन्होंने धारदार गेंदबाजी करते हुए आरसीबी के तीन अच्छे बल्लेबाजों को एक ही ओवर में चलता किया। इन तीन विकेटों में हार्दिक ने आरसीबी के कप्तान विराट कोहली समेंत मनदीप सिंह और वाशिंगटन सुंदर के विकेट झटके और सबसे दिलचस्प बात है की इससे पहले भी हार्दिक ने मैकुलम को रन आउट किया था।
बल्लेबाजी में भी दिखा कमालः अपनी धारदार गेंदबाजी से हार्दिक ने आरसीबी के स्कोर को 167 पर ही रोक दिया । लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की पारी शुरू से ही लड़खड़ाती नजर आई,कप्तान रोहित शर्मा भी बिना खाता खोले चलते बने ऐसे में बल्लेबाजी करने पहुंचे हार्दिक पांड्या ने अपनी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई के खेमे में एक उम्मीद जगाई थी, कुणाल और हार्दिक पांड्या दोनों भाईयों ने मिलकर एक समय में आरसीबी की टीम को चिंता में डाल दिया था, हालांकि दोनों इस मुकाबले को जिता नहीं सके लेकिन हार्दिक के इस शानदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।