नई दिल्ली। महिला विश्व कप सेमीफाइनल से मिताली राज को बाहर करने का मामला ठंडा पड़ता नहीं दिख रहा है। महिला टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार गई थी। इस मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी अपनी बात कही थी। यह मामला कितना बढ़ चुका है, इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीसीसीआई के अधिकारियों ने खुद इस पर मिताली राज और हरमनप्रीत से मुलाकात की।
इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा टीम की मैनेजर तृप्ति भट्टाचार्य बीसीसीआई सीईओ राहुल जौहरी और जीएम सबा करीम से मिली है। इस दौरान अधिकारियों ने इन खिलाड़ियों को अलग अलग बुलाकर उनका पक्ष जाना। जौहरी ने इस बात की पु्ष्टी करते हुए कहा कि हां हम मिताली, हरमन और तृप्ति से मिले हैं। हमने सभी बातें नोट की हैं। उम्मीद की जा रही है कि जौहरी और करीम अपनी रिपोर्ट सीओए को सौपेंगे।
कोच रमेश पोवार से भी होगी बात
यह बात भी सामने आ रही है कि टीम के कोच रमेश पोवार भी इन अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। बता दें कि टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में हरमनप्रीत ने मिताली को बाहर बैठा दिया था, जबकी वे पूरी तरह से फिट थी। भारत यह मैच बुरी तरह से हार गया था और मैच के बाद भी हरमनप्रीत को अपने फैसले पर नाममात्र का भी अफसोस नही था।
हरमनप्रीत को अपने इस फैसले पर कोई अफसोस नहीं है। मैच के बाद हरमनप्रीत ने बात करते हुए कहा, "हमने जो भी तय किया वो टीम के लिए था। कभी ऐसे फैसले काम करते हैं, कभी नहीं करते। इस पर कोई अफसोस नहीं है।" इन घटनाक्रमों के बाद से ही इस मामले ने तूल पकड़ा हुआ है।