नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में अब तूफानी पारी खेलने के मामले में भारतीय पुरुष बल्लेबाजों से महिलाएं कहीं भी पीछे नजर नहीं आती हैं। किया सुपरलीग में स्मृति मंधाना के धमाल के बाद अब भारतीय महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को अपनी तूफानी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और शानदार 44 गेंदों में 74 रन ठोक डाले। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के लगाए। गौरतलब हो कि उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत लंकाशायर ने 154 रनों का स्कोर खड़ा किया। यॉर्कशायर डायमंड के खिलाफ हुए इस मुकाबले में लंकाशायर की शुरुआत बेहद खराब रही और 8वें ओवर में 43 रन पर 2 विकेट गिर गए थे.। ऐसे में जब हरमनप्रीत मैदान में पहुंची तो उन्होंने अपने धमाल से टीम को एक मजबूत स्कोर दिया। वहीं उनके नाम एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।
गौरतलब हो कि इस सुपरलीग की और पारियों की अगर बात करें तो हरमनप्रीत के लिए प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा है। हालांकि इस मैच में लगाए 6 छक्कों के साथ हरमनप्रीत किया सुपर लीग के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। उनके पहले द. अफ्रीकी विकेटकीपर लिजली ली दो बार 6-6 छक्के लगा चुकी हैं। साथ ही इसी सीजन में स्मृति मंधाना और हीथर नाइट ने 5-5 छक्के अपने पहले मैच में लगाए थे। वहीं स्टेफनी टेलर भी 2016 सीजन में 5 छक्के लगा चुकी हैं। ऐसे में यह लीग भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद शानदार रहा है।