कोलंबो में एशियाई क्रिकेट परिषद की बैठक
कोलंबो, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के सदस्य शुक्रवार को कोलंबो में इस खेल के विकास पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में मुंबई हमले के बाद उपमहाद्वीप के क्रिकेट पर आए संकट पर भी चर्चा हो सकती है।
क्रिकेट श्रीलंका (एसएलसी) के मीडिया प्रबंधक शेन फर्नाडो ने आईएएनएस को बताया, "मुख्य रूप से इस बैठक में क्रिकेट के विकास पर चर्चा होगी लेकिन अभी यह नहीं कहा जा सकता कि मुंबई हमले के बाद उपजे हालात पर चर्चा होगी या नहीं।"
इस बैठक में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, इसका खुलासा भी नहीं हो सका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से उसके नवनियुक्त अध्यक्ष एजाज बट्ट इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
एक दिन पहले अकटलें लगाई जा रही थीं कि इस बैठक के दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर और बट्ट की मुलाकात होगी, जिसमें भारत-पाक क्रिकेट रिश्तों को लेकर चर्चा हो सकती है लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस बीच, एसएलसी ने मुंबई हमले के बाद मुश्किल दौर से गुजर रही बीसीसीआई को अपना सर्मथन दिया है। एसएलसी के अध्यक्ष अर्जुन रणातुंगा ने बुधवार को इस संबंध में टेलीफोन पर पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार से बातचीत की।
रणातुंगा ने पवार को बताया कि एसएलसी जल्द ही मुंबई हमले के पीड़ितों की खातिर एक सहायतार्थ मैच के लिए अपनी टीम भारत भेजने की तैयारी कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications