IPL 2020 का खिताब जीतने के लिए दिल्ली के इन 3 दिग्गजों को दिखाना होगा दम
नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज आईपीएल का फाइनल मुकाबला है। एक तरफ जहां मुंबई इंडियंस की टीम पांचवी बार इस खिताब को अपने नाम करने उतरेगी तो दूसरी तरफ दिल्ली की टीम पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने की कोशिश करेगी। मुंबई की टीम इस पूरे सीजन में लगातार अच्छा खेल दिखाती आई है, ऐसे में एक बार फिर से मुंबई की टीम को फेवरेट के तौर पर देखा जा रहा है। लेकिन जिस तरह से दिल्ली की टीम ने पिछले कुछ मैचों में अप्रत्याशित जीत दर्ज की है उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

दिल्ली को दिखाना होगा दम
दिल्ली की टीम की इस सीजन में शुरुआत काफी जबरदस्त रही है। शुरुआती 9 मैचों की बात करें तो दिल्ली की टीम ने 7 मैचों में जीत दर्ज की थी और उसे सिर्फ 2 मैच में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बाद 7 मैचों में टीम को संघर्ष करना पड़ा था। अगले सात मैचों में दिल्ली को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली जबकि 5 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं पहले क्वालिफायर मैच की बात करें तो दिल्ली की टीम को मुंबई इंडियंस के सामने शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई की टीम ने दिल्ली को 57 रनों से शिकस्त दी थी। इस बार मुंबई का दिल्ली के सामने 3 बार मुकाबला हुआ और तीनों ही बार दिल्ली को हार का मुंह देखना पड़ा। ऐसे में अगर फाइनल मुकाबले में दिल्ली को जीतना है तो उसे अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी। दिल्ली की टीम में इस सीजन में 22 बदलाव देखने को मिला है, हालांकि टीम ने हैदराबाद के खिलाफ अच्छी जीत दर्ज की है, लिहाजा टीम उसी टीम के साथ मैदान में उतरना चाहेगी।

धवन का चलना जरूरी
दिल्ली की बल्लेबाजी मुख्य रूप से उनके सलामी बल्लेबाज शिखर धवन पर निर्भर है। शिखर धवन लगातार इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। शिखर धवन इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने 16 मैचों में 603 रन बनाए हैं। इस दौरान वह दो शतक और 4 अर्धशतक लगा चुके हैं। धवन का स्ट्राइक रेट इस दौरान 145 से अधिक रहा है। शिखर धवन से ऊपर सिर्फ केएल राहुल ही हैं जिन्होंने कुल 670 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर आज धवन अच्छी पारी खेलते हैं तो वो ना सिर्फ ऑरेंज कैप अपने नाम करेंगे बल्कि दिल्ली को खिताब के करीब ले जा सकते हैं।

श्रेयस अय्यर को खेलनी होगी कप्तानी पारी
दिल्ली की सलामी जोड़ी की बात करें तो शिखर धवन और मार्कस स्टॉयनिस अच्छा कर रहे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में दोनों ही सलामी बल्लेबाजों का अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी है। लेकिन ऐसे में अगर कोई भी सलामी बल्लेबाजी अच्छा नहीं कर पाता है तो श्रेयस अय्यर को आज कप्तानी पारी खेलनी होगी। श्रेयस अय्यर पिछले कुछ मैचों में कुछ खास नहीं कर सके हैं। लेकिन उनकी कप्तानी में दिल्ली पहली बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है, लिहाजा वह दिल्ली को खिताब जिताकर इतिहास रचना चाहेंगे।

अश्विन/रबाडा
दिल्ली की टीम अपने प्रदर्शन को लेकर लगातार सतत नहीं रही है और उनका प्रदर्शन कभी अच्छा कभी खराब रहा है। वहीं दूसरी तरफ मुंबई लगातार इस सीजन में अच्छा खेल रही है। दिल्ली की गेंदबाजी की बात करें तो कैगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने इस सीजन में सर्वाधिक 29 विकेट लिए हैं। ऐसे में एक बार फिर उनसे उम्मीद होगी कि फाइनल मुकाबले में वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करें। रबाडा के बाद टीम में आर अश्विन काफी अहम गेंदबाज हैं, वह ना सिर्फ कम रन देते हैं बल्कि अहम मौकों पर टीम को विकेट दिलाने का माद्दा रखते हैं। ऐसे में दोनों गेंदबाजों के साथ तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया पर भी नजर रहेगी जिन्होंने इस सीजन में 15 विकेट लिए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
