नई दिल्ली। आपीएल के पहले प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस की दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ंत होगी। दोनों ही टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम है। एक तरफ जहां मुंबई इंडियंस की टीम ने लीग स्टेज पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 14 में से 9 मैच में जीत दर्ज की है तो दूसरी तरफ दिल्ली की टीम ने 8 मैचों में जीत दर्ज करके प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई है। लेकिन आज होने वाला मुकाबला कई मायनों में अहम है। इससे पहले लीग स्टेज पर दोनों ही टीमें दो बार आपस में भिड़ चुकी हैं और दोनों ही मैचों में दिल्ली की टीम को हार का मुंह देखना पड़ा था।
मुंबई है फेवरेट
दरअसल मुंबई इंडियंस की टीम की बात करें तो टीम काफी संतुलित नजर आती है। टीम की सलामी जोड़ी अच्छा कर रही है। क्विंटन डी कॉक और इशान कुमार ने पिछले कुछ मैचों में बेहतरीन पारी खेली है। जबकि मध्य क्रम में सूर्य कुमार यादव, केरून पोलार्ड, हार्दिक पांड्या जबरदस्त लय में हैं। टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी चोटिल होने के बाद टीम में वापसी कर चुके हैं। हालांकि इस टूर्नामेंट में उनका फॉर्म अच्छा नहीं रहा है, लेकिन किसी भी मैच में वह मैच के रुख को पलटने का माद्दा रखते हैं। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की बात करें तो जसप्रीत बुमरा, ट्रेंट बोल्ट, जेम्स पैटिंसन और ट्रेंट बोल्ट लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।
दिल्ली की मुश्किल
वहीं दिल्ली की टीम की बात करें तो दिल्ली की टीम की बल्लेबाजी में काफी दिक्कतें हैं। टीम के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ लगातार अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछली 7 पारियों की बात करें तो उन्होंने सिर्फ 49 रन बनाए हैं। ऐसे में दिल्ली की टीम काफी हद तक सलामी बल्लेबाज शिखर धवन पर निर्भर है। टीम के अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो रिषभ पंत लगातार फ्लॉप साबित हो रहे हैं। उनका बल्ला इस सीजन में खामोश रहा है। ऐसे में टीम मुख्य रूप से शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और अजिंक्या रहाणे पर निर्भर है।
दोनों टीमों की गेंदबाजी
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा बरकरार रखा है। टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमरा ने तकरीबन हर बल्लेबाज को परेशान किया है और इस टूर्नामेंट में वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाजों ने 14 मैचों में 60 विकेट लिए हैं जोकि किसी भी टीम के तेज गेंदबाजों की तुलना में सर्वाधिक है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजों ने अभी तक 59 विकेट झटके हैं। आईपीएल में दोनों ही टीमों के गेंदबाजों ने 16-20 ओवर के बीच 10 से कम के औसत से रन खर्च किए हैं।
दिल्ली की बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 9 इनिंग में कुल 320 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका औसत 40 का रहना है और स्ट्राइक रेट 133 का रहा है। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी की बात करें तो पांच पारियों में अय्यर ने सिर्फ 101 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका औसत महज 20 का रहा और स्ट्राइक रेट 98 का रहा। टीम के लिए पृथ्वी शॉ का फॉर्म चिंता का विषय है। पृथ्वी शॉ ने पहले पांच मैच में 179 रन बनाए, इस दौरान उनका औसत 35.8 का रहा जबकि स्ट्राइक रेट 148 का। लेकिन इसके बाद अगले 7 मैचों में उन्होंने सिर्फ 49 रन बनाए। टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने पांच अर्धशतक लगाए हैं, जबकि पांच बार वह दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं।
पिछले दो मुकाबले
मुंबई इडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लीग स्टेज पर दो मैच खेले हैं। दोनों ही मुकाबलों में मुंबई की टीम को जीत मिली। पहले मैच में शिखर धवन 52 गेंद पर 69 रन बनाए और दिल्ली की टीम ने 162 रन बनाए थे। लेकिन मुंबई की टीम ने इस टार्गेट को आसानी से पांच विकेट गंवा कर हासिल कर लिया। मैज में क्विंटन डी कॉक व सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतकी पारी खेली थी। दूसरे मुकाबले में बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने 3-3 विकेट अपने नाम किए थे। दोनों की गेंदबाजी के दम पर दिल्ली की टीम महज 110 रन ही बना सकी।