नई दिल्ली। कोरोनावायरस के कारण देशभर में लाॅकडाउन है। इस महामारी के कारण खेल जगत भी ठप पड़ा हुआ है। ऐसे में खिलाड़ी खुद को फिट रखने के लिए अपने घर में ही बाॅलकनी या पार्क में क्रिकेट खेलकर खुद को फिट रख रहे हैं, लेकिन मुंबई में रह रहे रोहित शर्मा को इसकी कमी खल रही है। दरअसल, रोहित जहां रहते हैं वहां उनके पास पार्क नहीं है, ना ही घर के अंदर इतनी ज्यादा जगह कि वो क्रिकेट खेल सकें। यह बात उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के शॉ में ब्रेट ली से कही।
रोहित ने कहा कि मैं आपकी तरह भाग्यशाली नहीं हूं जो घर के आंगन या पीछे खेल सकूं। उन्होंने कहा कि मुंबई में मेरे घर में खेलने के लिए उतनी जगह नहीं है। मैं सोचता हूं कि मेरे पास भी उतनी जगह होती। मैं मुंबई में हूं और यहां खेलने के लिए उतनी जगह नहीं है। आप भाग्यशाली हो क्योंकि आपके पास घर के पीछे या आंगन में खेलने के लिए जगह है। हमारे यहां जो जगह है वह थोड़ी दूर है और हमें अपार्टमेंट में ही रहना होता है। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपनी दौड़ और बाकी चीजें बालकनी में ही करता हूं।
कोरोना वायरस जैसी महामारी के चलते भारत में लॉक डाउन है और रोहित शर्मा भी इसका बखूबी पालन कर रहे हैं। चीजें ठीक होने के बाद उनकी इच्छा मैदान में जाकर फिर से अपने बल्ले से शॉट लगाने की है। हालांकि इसमें अभी कितना वक्त लगेगा, यह कहना कठिन है।
लॉक डाउन के चलते देश-विदेश के खिलाड़ियों को आजकल इन्स्टाग्राम पर लाइव बातचीत करते हुए देखा जाता है। कई दिग्गज अपने खेल और व्यक्तिगत जीवन के बारे में चर्चा करते दिखे हैं। इसमें विराट कोहली, एबी डीविलियर्स, रोहित शर्मा, ब्रेट ली, युवराज सिंह का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है। आईपीएल जैसा बड़ा टूर्नामेंट इस समय स्थगित किया गया है और यह शुरू होगा या नहीं इस बारे में जानकारी आगामी कुछ महीनों में ही मिल पाएगी। विश्व क्रिकेट पहली बार इस तरह से थमा है और कई क्रिकेट बोर्ड आर्थिक समस्या का सामना भी कर रहे हैं।