कमोवेश यही हाल बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीम के प्रशंसकों का भी रहा है। पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका में डेक्कन के हाथों खिताबी मुकाबला हारने वाली यह टीम मुंबई इंडियंस के हाथों हारकर खिताबी जंग से बाहर हो चुकी है।
अब इन्हीं दो टीमों के बीच शनिवार को नवीं मुंबई स्थित डी.वाई पाटिल स्टेडियम में तीसरे और चौथे स्थान के लिए प्ले-ऑफ मुकाबला खेला जाएगा। इस लिहाज से यह मैच 'किला' गंवा चुकी दो टीमों के लिए प्रतिष्ठा बचाने वाला साबित होगा।
बैंगलोर की टीम को जहां पहले सेमीफाइनल में मुंबई इंडियंस ने 35 रनों से पराजित किया था वहीं डेक्कन को गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स टीम के हाथों 38 रनों की करारी शिकस्त खानी पड़ी थी। चेन्नई की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची है जबकि मुंबई की टीम पहली बार खिताब के लिए खेलेगी।
चेन्नई की टीम आईपीएल के पहले संस्करण के भी फाइनल में पहुंची थी लेकिन उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पहली बार ही सबको चौंकाकर खिताब जीतने वाली राजस्थान की टीम पिछले दो मौकों से अंतिम चार में भी जगह नहीं बना पा रही है।
राउंड रोबिन लीग में डेक्कन का प्रदर्शन बैंगलोर की तुलना में बेहतर रहा था। लीग स्तर में अंतिम पांच मैच लगातार जीतकर डेक्कन की टीम ने 16 अंकों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। उसके हाथ 14 मैचों में आठ जीत और छह हार आई थी।
बैंगलोर की टीम सेमीफाइनल में स्थान बनाने वाली चार टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर रही थी। उसने सात जीत और इतनी ही हार के साथ कुल 14 अंक बटोरे थे।
दिल्ली डेयर डेविल्स के हाथों अहम मुकाबले में डेक्कन की हार से उसका पत्ता साफ हो सकता था लेकिन बड़ी-बड़ी बाजी खेलने वाले उद्योगपति विजय माल्या की यह टीम किस्मत के सहारे लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही।
इस मैच के लिए डेक्कन की टीम मुख्य रूप से अपने कप्तान एडम गिलक्रिस्ट, हरफनमौल एंड्रयू सायमंड्स, रोहित शर्मा, ड्वेन स्मिथ, रेयान हैरिस, चमिंडा वास, टी. सुमन और प्रज्ञान ओझा के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी जबकि बैंगलोर की टीम जैक्स कैलिस, रोबिन उथप्पा, अनिल कुंबले, रॉस टेलर, विराट कोहली, डेल स्टेन, केविन पीटरसन और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों पर भरोसा करेगी।
सेमीफाइनल मुकाबले को छोड़ दें तो पिछले पांच राउंस रोबिन मुकाबलों में डेक्कन के प्रदर्शन में निरंतरता रही है जबकि बैंगलोर की टीम इस मामले में थोड़ी कमतर दिख रही है। वैसे उसके पास एक से बढ़कर एक बड़े खिलाड़ी हैं, जो अपने बूते मैच जिता सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।