नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के चलते इन दिनों कई देश लॉकडाउन पर चले गये हैं, जिसके चलते खेल जगत पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। इस महामारी के चलते अब तक कई सारे बड़े खेल कार्यक्रमों का आयोजन टल चुका है। भारतीय क्रिकेट के लिये सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट आईपीएल 2020 को भी बीसीसीआई ने अनिश्चितकालीन समय तक के लिये स्थगित कर दिया है। हालांकि फैन्स को अभी भी इस टूर्नामेंट का आयोजन कराने को लेकर उम्मीदें बरकरार हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए अगस्त से पहले किसी भी तरह के टूर्नामेंट के आयोजन की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
और पढ़ें: 'पीसीबी को रोहित शर्मा से सीखना चाहिये', इमाम उल हक ने बताया पाकिस्तान टीम के फेल होने का कारण
ऐसे में बीसीसीआई को उम्मीद है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो वो आईपीएल का आयोजन सितंबर में करा सकता है। पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोनो वायरस के चलते इसे फिलहाल अनिश्चितकालीन समय तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अगर बीसीसीआई आईपीएल 2020 को रद्द करने का फैसला करता है तो उसे करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ सकता है, वहीं अगर इसे सितंबर में आयोजित कराने का फैसला करता है तो उसे भारत दौरे पर आने वाली इंग्लैंड टीम के साथ 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज से हाथ धोना पड़ेगा।
और पढ़ें: 8 महीने बाद भी दिव्यांग टीम तक नही पहुंची BCCI की इनामी राशि, वर्ल्ड सीरीज जीतने के बाद हुआ था ऐलान
एफटीपी के अनुसार इंग्लैंड को सितंबर के महीने में भारत के साथ सीमित ओवर्स प्ररूप सीरीज खेलने के लिये आना है। तय कार्यक्रम के मुताबिक इंग्लैंड 16 सितंबर को अपने देश से भारत के लिये रवाना होगी। ऐसे में अगर बीसीसीआई को सितंबर में आईपीएल कराना है तो उसे ईसीबी को इस सीरीज को टालने के लिये मनाना होगा क्योंकि आईपीएल में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के 11 खिलाड़ियों को भी हिस्सा लेना है।
और पढ़ें: क्रिकेट इतिहास के वो 5 खिलाड़ी जिनकी कर दी गई हत्या, आज तक नहीं सुलझी है गुत्थी
आपको बता दें कि यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2020 के आयोजन को लेकर बीसीसीआई क्या फैसला करती है, हालांकि मौजूदा हालात को देखकर इसका आयोजन नामुमकिन नजर आ रहा है।