
सीएसके ने की शानदार शुरुआत, सस्ते में टॉप ऑर्डर किया ध्वस्त
सीएसके की टीम ने आज के मैच में अच्छी शुरुआत करते हुए जॉनी बेयरस्टो को पहले ही ओवर में बिना खाता खोले वापस पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हैदराबाद के लिये मनीष पांडे (29) और डेविड वॉर्नर (28) ने पारी को संभालने का काम किया और दूसरी विकेट के लिये 46 रनों की साझेदारी की। लेकिन शार्दुल ठाकुर ने मनीष पांडे को सैम करने के हाथों कैच कराकर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। इसके बाद केन विलियमसन और वॉर्नर ने पारी को आगे बढ़ाने का काम किया लेकिन पीयूष चावला के एक ओवर में 2 विकेट गंवा कर हैदराबाद की टीम मुश्किल में आ गई।

डुप्लेसिस का शानदार कैच, एक ही ओवर में खोये 2 विकेट
पीयूष चावला ने सीएसके के लिये 11वां ओवर डाला और एक ही ओवर में दो विकेट गिराकर हैदराबाद की टीम को मुश्किलों में डाल दिया। पहले डेविड वॉर्नर ने ओवर की 5वीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री लाइन पर खड़े फॉफ डुप्लेसिस को कैच थमा दिया तो वहीं जबरदस्ती रन लेने के चक्कर में केन विलियमसन को अंबति रायडु ने रन आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया। यहां पर हैदराबाद की टीम के लिये दो युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और प्रियम गर्ग बल्लेबाजी करने आये , जिसके बाद लगा कि शायद आज हैदराबाद की टीम 150 रन भी नहीं पहुंचा पायेगी।

प्रियम गर्ग- अभिषेक शर्मा ने की रिकॉर्ड साझेदारी
हालांकि यहां पर हैदराबाद के लिये प्रियम गर्ग और अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिये रिकॉर्ड साझेदारी की और आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र के बल्लेबाजों की जोड़ी की ओर से अर्धशतकीय साझेदारी करने वाले बल्लेबाज बनें। इस जोड़ी ने सीएसके के खिलाफ 5वें विकेट के लिये 77 रनों की साझेदारी की। इस दौरान इन दोनों की संयुक्त उम्र 39 साल 335 दिन रहा। वहीं इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत और संजू सैमसन के नाम था जिन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 2016 में 40 साल 39 दिन की उम्र में नाबाद 72 रन जोड़े थे। वहीं इस फेहरिस्त में ट्रैविस हेड और सरफराज खान ने मुंबई के खिलाफ 40 साल 289 दिन की उम्र में तीसरी बड़ी साझेदारी की है।

प्रियम गर्ग ने एक ओवर में ठोंके 22 रन
हैदराबाद के लिये अभिषेक वर्मा ने 24 गेंद में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 31 रनों की पारी खेली। वहीं प्रियम गर्ग ने 16वां ओवर करने आये सैम करन के खिलाफ गियर बदला और एक ही ओवर में 22 रन जोड़ने का काम किया। इस ओवर में प्रियम ने पहले ऑफ साइड की दिशा में खूबसूरत चौका लगाया, जिसके बाद अगली गेंद सैम करन ने हाइट पर नो बॉल डाला लेकिन प्रियम ने इस गेंद पर भी ऑफ साइड में चौका जड़ दिया। वहीं फ्री हिट पर प्रियम गर्ग ने डीप मिड विकेट की गेंद पर छक्का लगाया। आखिरी ओवर में प्रियम गर्ग शार्दुल ठाकुर की पहली गेंद पर कैच आउट हुए लेकिन नो बॉल होने के चलते वह भाग्यशाली रहे और बच गये। गर्ग की शानदार पारी के चलते हैदराबाद की टीम 164 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।


Click it and Unblock the Notifications