जमैका। वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 वनडे मैच की सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज रहे भारतीय ओपनर बल्लेबाज अजिंक्या रहाणे ने बड़ा बयान दिया है। रहाणे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा है कि वह किसी भी क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। सीरीज में भारत को शानदार शुरूआत देने वाले रहाणे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच से पहले कहा है कि हाल ही में संपन्न सीरीज में उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
अजिंक्य रहाणे ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहा, "वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज शानदार रही। आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करता हूं। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। मैं अपनी टीम के लिए किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
मैं वनडे और टी20 क्रिकेट में अपना ध्यान आगे भी केन्द्रित करना चाहता हूं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में मैं और अच्छा निखार लाना चाहता हूं।" आपको बता दें कि रहाणे भारतीय टीम में चौथे क्रम पर भी बल्लेबाजी कर चुके हैं। रहाणे ने कहा कि वो पहले भी चौथे नंबर अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज दौरे से भारतीय सलामी बलल्लेबाज रोहित शर्मा को आराम दिया गया। रोहित शर्मा की जगह अजिंक्य रहाणे को टीम में बतौर ओपनर बल्लेबाज खिलाया गया था। रहाणे ने खुद को साबित करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। रहाणे की तारीफ में खुद कप्तान विराट कोहली भी कसीदे पढ़ चुके हैं।