bbc-Staff
बीजिंग ओलंपिक में एक और पदक जीतने की भारत की उम्मीदों को झटका लगा है. लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी ओलंपिक से बाहर हो गई.
पुरुषों के डबल्स के क्वार्टर फ़ाइनल मैच में उन्हें स्विट्ज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर और स्टैनिसलैस वावरिन्का की जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-2 और 6-4 से हरा दिया.
बारिश के कारण गुरुवार को यह मैच पूरा नहीं हो पाया था. गुरुवार को जब ये मैच रोका गया उस समय पेस और भूपति पहले सेट में 1-4 से पिछड़ रहे थे.
शुक्रवार को भी इस स्थिति में कोई ज़्यादा सुधार नहीं आया. पहले सेट में लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी एक और गेम ही जीत पाई.
दम
सिंगल्स में हार से निराश रोजर फ़ेडरर ने डबल्स मैच में अपना दम दिखाया और वावरिन्का के साथ मिलकर पहला सेट 6-2 से जीत लिया.
दूसरे सेट में पेस और भूपति के लिए करो या मरो की स्थिति थी. उन्होंने बहुत कोशिश भी की. लेकिन ये कोशिश जीत में बदल नहीं पाई.
ये ज़रूर हुआ कि पहले सेट के मुक़ाबले दूसरे सेट में स्कोर थोड़ा बेहतर रहा लेकिन इतना नहीं कि इससे पेस और भूपति सेट जीत पाते.
दूसरे सेट में 6-4 से जीत हासिल करके फ़ेडरर और वावरिन्का ने ओलंपिक के सेमी फ़ाइनल में जगह बनाई. गुरुवार को रोजर फ़ेडरर सिंगल्स मुक़ाबले से बाहर हो गए थे.
Story first published: Friday, August 15, 2008, 16:22 [IST]
Other articles published on
Aug 15, 2008