नई दिल्ली। इंग्लैंड के महान आल राउंडर इयान बाथम ने कहा कि स्पिनर आदिल राशिद को भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिये घरेलू टीम में चुने जाने से उठा विवाद गैर जरूरी है।लेग स्पिनर राशिद को भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के लिये टीम में चुना गया है जबकि 2018 काउंटी सत्र से पहले उन्होंने लाल गेंद के क्रिकेट में खेलना छोड़ दिया था और सितंबर के बाद से वह प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेले हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने हालांकि इस फैसले को 'हास्यास्पद' करार दिया था और काउंटी क्रिकेट के लिये नुकसानदायक कहा था।वहीं पूर्व कप्तान नासिर हुसैन को भी लगता है कि राशिद को टीम में चुना जाना काउंटी क्रिकेट के लिये अच्छा नहीं है।लेकिन बाथम इससे इत्तेफाक नहीं रखते।
बाथम का बयान:
बाथम ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, ''माइकल क्या कहना चाहते हैं, मैं समझ नहीं सका, यह गैर जरूरी है। ''उन्होंने कहा,''आदिल भी इससे परेशान हो चुका है और उसने इसलिये प्रतिक्रिया दी। काफी कुछ लिखा गया और मुझे यह बात समझ नहीं आ रही। ''बाथम ने कहा, ''मुझे वह लड़का पसंद है और मुझे लगता है कि वह अच्छा खेल रहा है। ''
गौरतलब है कि एड स्मिथ की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने संन्यास के दो साल बाद आदिल राशिद को फिर से वापस बुलाया है।दिसंबर 2016 में भारत दौरे के बाद राशिद ने संन्यास ले लिया था। राशिद ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने थे।