भारतीय टेनिस टीम डेविस कप रैंकिंग में दो पायदान चढ़ी
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। एशिया ओसेनिया ग्रुप-1 में जापान पर मिली 3-2 की शानदार जीत से भारतीय टेनिस टीम को न सिर्फ वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ में खेलने का मौका मिला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) डेविस कप रैंकिंग में दो स्थान का फायदा भी हुआ है।
आईटीएफ की ताजा रैंकिंग के अनुसार भारतीय टीम दो स्थान की छलांग के साथ तालिका में 24वें पायदान पर पहुंच गई है। हालांकि रैंकिंग में मिली उछाल भारतीय कप्तान लिएंडर पेस और उनके होनहारों को 19 से 21 सितंबर तक होने वाले वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में सीड नहीं दिला सकी।
अगर भारतीय टीम 10 साल बाद एक बार फिर वर्ल्ड ग्रुप में खेलना चाहती है तो उसे आस्ट्रेलिया, आस्ट्रिया, बेल्जियम, क्रोएशिया, इजरायल, दक्षिण कोरिया, रोमानिया और स्लोवाकिया जैसी आठ टॉप टीमों में से किसी एक को पीछे छोड़ना होगा।
प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाले ब्राजील, चिली, ब्रिटेन, नीदरलैंड, स्विटजरलैंड और पेरू की टीमें शामिल हैं। बुधवार को लंदन स्थित आईटीएफ के दफ्तर में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम के दौरान वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ का ड्रॉ निकाला जाना है।
भारतीय टीम को इसी दिन अपनी प्रतिस्पर्धी टीमों का नाम पता चलेगा। ड्रॉ में 16 देश शामिल होंगे। इसमें ग्रुप-1 के दूसरे दौर के आठ विजेताओं के साथ वर्ल्ड ग्रुप के पहले दौर में हारने वाली आठ अन्य टीमों के बीच मैच होंगे।
भारत 1966, 1974 और 1987 में डेविस कप उपविजेता रहा है। 1998 में वह आखिरी बार वर्ल्ड ग्रुप में खेला था। भारत के अलावा रोमानिया और अर्जेटीना दो ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने एक से अधिक बार फाइनल तो खेला है लेकिन एक बार भी डेविस कप खिताब नहीं जीत सकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications