इस्लामाबाद, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पांच वर्ष की पाबंदी के बावजूद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए खेल सकेंगे। बुधवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अख्तर पर पांच वर्ष की पाबंदी कायम रखी है।
इस्लामाबाद, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पांच वर्ष की पाबंदी के बावजूद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए खेल सकेंगे। बुधवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अख्तर पर पांच वर्ष की पाबंदी कायम रखी है।
अख्तर के मामले की सुनवाई करने वाले न्यायाधिकरण के अध्यक्ष न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) आफताब फारुख ने कहा, "उनकी माफी और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शोएब अख्तर को देश से बाहर खेलने की छूट दी गई है।"
न्यायाधिकरण के अंतरिम आदेश के बाद इस मामले की अगली सुनवाई जून में होगी।
फारुख ने कहा कि शोएब को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उनके अनुसार इससे पीसीबी, उनके अध्यक्ष और पाकिस्तान की जनता को ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा, "उन्हें (शोएब अख्तर) देश में और देश का प्रतिनिधित्व कहीं करने की इजाज़त नहीं होगी।"
यह पूछे जाने पर कि क्या न्यायाधिकरण ने अख्तर को आईपीएल के दबाव में देश से बाहर खेलने की इजाजत दी है, अध्यक्ष ने कहा, "बिल्कुल नहीं। हमने पीसीबी और देश की जनता को शोएब के लिखित माफीनामे के आधार पर यह निर्णय लिया है।"
उल्लेखनीय है कि सोमवार को अख्तर ने न्यायाधिकरण को अपना लिखित माफीनामा सौंपा था।
पीसीबी के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि लिखित माफीनामे के बाद ही न्यायाधिकरण के एक सदस्य की सलाह पर न्यायाधीश फारुख ने अख्तर को देश से बाहर खेलने की छूट दी है।
अख्तर के वकील आबिद मेंटो ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शोएब आईपीएल में खेलने जाएंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि आईपीएल को फैसला मंजूर होगा तभी अख्तर भारत जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।