डेयर डेविल्स को हराकर स्थिति मजबूत करना चाहेगी सुपर किंग्स
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। पहले दो सप्ताह तक शीर्ष बने रहने वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम लगातार तीन हार के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कमजोर पड़ी अपनी स्थिति सुधारना चाहेगी। लेकिन इसके लिए उसे बृहस्पतिवार को फिरोजशाह कोटला मैदान पर दिल्ली डेयर डेविल्स को पराजित करना होगा।
यह जीत उसे तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा सकती है लेकिन इसके लिए उसे चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए उस मैच में मिली हार से सबक लेना होगा, जहां सहवाग की टीम ने उसे धूल चटाई थी।
टीम संयोजन की बात करें तो मैथ्यू हेडन और माइकल हसी के आस्ट्रेलिया लौटने के बाद सुपर किंग्स के लिए स्थितियां अच्छी नहीं हैं। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग अपने असल रंग में नहीं दिख रहे हैं।
ऐसी स्थिति में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर मध्यक्रम को संभालने का जबरदस्त दबाव आ पड़ा है। जब तक ओपनर सुपर किंग्स को अच्छी शुरुआत नहीं देंगे, तब तक उसकी मुश्किलें कम नहीं होंगी। ऐसे में पार्थिव पटेल और फ्लेमिंग को हर हाल में बढ़िया शुरुआत देनी होगी।
उधर, मुंबई इंडियंस के खिलाफ ओपनरों की नाकामी को भुला दें तो दिल्ली की टीम ने अच्छी ओपनिंग के बूते लगभग हर मैच में विपक्षी टीम पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाई है। हालांकि मध्यक्रम की नाकामी उसके लिए भी परेशानी का सबब रही है। ऐसी स्थिति में दिल्ली की टीम को अपनी ताकत को फिर से संजोकर धमाका करने की जरूरत है।
दिल्ली की टीम के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने मध्यक्रम में परिवर्तन के आसार जताए हैं। सहवाग ने अभ्यास सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा, "हम मध्यक्रम में कुछ बदलाव कर सकते हैं। लेकिन कुल मिलाकर हम उसी टीम पर भरोसा करना चाहेंगे, जो जीतती रही है।"
सहवाग जानते हैं कि सुपर किंग्स के लिए खेल रहे दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मखाया एंटिनी उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं, लिहाजा वह अपने साथ-साथ गौतम गंभीर और शिखर धवन के कंधे पर एंटिनी से निपटने की जिम्मेदारी देने का मन बना चुके हैं। हालांकि सहवाग अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश दिखे।
उन्होंने संकेत दिए कि आस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा एक बार फिर उनकी टीम की आक्रमण पंक्ति का नेतृत्व करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications