बंगलौर, 29 मई (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज जहीर खान ने एड़ी की चोट के कारण बांग्लादेश के अगले महीने के दौरे से बाहर रहने का फैसला किया है।
वह 24 जून से पाकिस्तान में एशिया कप और फिर श्रीलंका के लंबे दौरे के लिए पूरी तरह फिट होना चाहते हैं । मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते हुए उन्हें फिर से एड़ी में चोट आई थी।
इससे पहले भी जहीर को आस्ट्रेलिया से एड़ी की चोट के कारण वापस आना पड़ा था। चोट के कारण वह पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर भी नहीं जा सके थे। उन्होंने भारत की ओर से पिछला मैच गत नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ ग्वालियर में खेला था।
आईपीएल में बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स की ओर से खेलते हुए जहीर ने 11 मैचों में 13 विकेट लिए हैं।
शुक्रवार को मुंबई में बांग्लादेश और एशिया कप के लिए टीम का चुनाव करने जा रही चयन समिति को जहीर के इस फैसले से अवगत करा दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।