ICC T20 Rankings: 9 साल में पहली बार टॉप 10 से बाहर हुए विराट कोहली, केएल राहुल ने लगाई छलांग
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में अगर मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों पर चर्चा की जाये तो इसमें भारतीय कप्तान विराट कोहली का नाम जरूर लिया जायेगा, जिन्होंने सचिन तेंदुलकर के बाद भारत के लिये सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने का कारनामा किया है। विराट कोहली को रन मशीन के नाम से भी जाना जाता है जिन्होंने भारत के लिये ढेरों रन बनाये हैं, हालांकि पिछले 2 साल में उनके बल्ले से निकलने वाले रनों की रफ्तार पर थोड़ी लगाम जरूर नजर आयी है। विराट कोहली हर प्रारूप के हिसाब से बल्लेबाजी करने में माहिर हैं, फिर वो आक्रामक अंदाज में तेजी से रन बनाने हों या अपनी पारी के आस-पास मैच को चलाना हो, उनमें रन बनाने की कला भरपूर है।
और पढ़ें: IPL 2022: सैयद मुश्ताक अली में धमाल मचाने वाले 5 खिलाड़ी जिन्हे नीलामी में मिल सकती है बड़ी रकम
उल्लेखनीय है कि पिछले 2 सालों में विराट कोहली रन तो बना रहे हैं लेकिन उन्हें बड़ी पारियों में तब्दील कर पाने में नाकाम रहे हैं, जिसका असर उनकी आईसीसी रैंकिंग पर नजर आने लगा है। टेस्ट, वनडे और टी20 में पिछले कई सालों तक राज करने वाले विराट कोहली की रैंकिंग में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
और पढ़ें: 'भारतीय टीम में अब तक अपना रोल समझ नहीं पाया है यह खिलाड़ी', कीवी टीम के पूर्व दिग्गज ने दी चेतावनी

9 साल में पहली बार टी20 रैंकिंग के टॉप 10 से हुए बाहर
आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा रैंकिंग में विराट कोहली 11वें पायदान पर खिसक गये हैं। साल 2012 के बाद यह पहली बार है जब भारतीय कप्तान विराट कोहली आईसीसी टी20 रैंकिंग के टॉप 10 से बाहर हुए हैं। विराट कोहली ने 2012 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेली गई टी20 सीरीज के बाद पहली बार टॉप 10 में प्रवेश करते हुए पांचवा स्थान हासिल किया था, इसके बाद से वो लगातार टॉप 10 में बरकरार रहे। 2019 में पहली बार वो टॉप 5 से बाहर होकर 9वें पायदान पर पहुंचे लेकिन 2020 में फिर वापसी करते हुए 8वां स्थान हासिल किया। इस साल मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज के बाद वो चौथे पायदान पर पहुंच गये थे लेकिन हाल ही में खेले गये टी20 विश्वकप में जब उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा तो रैंकिंग में फिर से झटका लगा और 9 साल में पहली बार विराट कोहली टी20 की रैंकिंग के टॉप 10 से बाहर हुए हैं।

केएल राहुल को मिला फायदा
आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा टी20 रैंकिंग में भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को जबरदस्त फायदा हुआ है और वो एक स्थान की छलांग लगाते हुए 5वें पायदान पर पहुंच गये हैं। मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में केएल राहुल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं गुजरा था जिसकी वजह से उन्हें आईसीसी की रैंकिंग में नुकसान हुआ था और वो टॉप 5 से बाहर हो गये थे, हालांकि टी20 विश्वकप और हाल ही में खत्म हुई भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में राहुल ने शानदार प्रदर्शन किया जिसके चलते उन्होंने फिर से छलांग लगाते हुए टॉप 5 में एंट्री कर ली है। राहुल ने विश्वकप में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेली थी वो वहीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों में 80 रन बनाये।

बाबर टॉप पर काबिज, रिजवान को हुआ फायदा
वहीं पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम अभी भी टी20 रैंकिंग में टॉप पर बरकरार हैं, हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ खराब प्रदर्शन के चलते उनकी रेटिंग प्वाइंट में गिरावट देखने को मिली लेकिन वह अभी भी 809 प्वाइंट के साथ टॉप पर बरकरार हैं। वहीं टी20 विश्वकप और फिर बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद रिजवान को एक पायदान का फायदा हआ है और अब वो चौथे पायदान पर पहुंच गये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
