पाकिस्तान का टेस्ट नंबर-1 टीम बनना वाकई गर्व की बात है : मिस्बाह उल हक
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक ने पाकिस्तान की ताजा आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 पोजीशन पर पहुंचने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आईसीसी रैंकिंग में यह मुकाम हासिल करना हर किसी की ख्वाहिश होती है और उन्हें पाकिस्तानी टीम पर गर्व है।
सोमवार को पाकिस्तान ने इतिहास में पहली बार टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 पोजीशन पर कब्जा जमाया है। दरअसल, भारत और वेस्टइंडीज के बीच सेंट लूसिया में खेले जा रहे इस आखिरी टेस्ट मैच में भारत को नंबर-1 की कुर्सी बचाए रखने के लिए मैच जीतना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका फायदा पाकिस्तान को मिल गया।
17 अगस्त को भारत आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 पर आया था जब श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। टॉप पर बने रहने के लिए भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच जीतना जरूरी था। अब भारत आईसीसी रैंकिंग में नंबर-2 पर है।
मिस्बाह ने नंबर-1 बनने के बाद कहा कि हमने बतौर टीम कुछ वक्त पहले मिलकर तय किया था कि नंबर-1 बनेंगे। हमारी कड़ी मेहनत अब सफल हुई है। इसमें हमारे कुछ खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन मुख्य वजह है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए वह हर पाकिस्तानी खिलाड़ी का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। यह हमारे लिए अंत नहीं बल्कि एक शुरुआत है। हम लगातार स्वस्थ और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के पक्ष में हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
