आईसीसी की वनडे रैंकिंग में भी चला कुलदीप यादव का जादू, कोहली की बादशाहत बरकरार
नई दिल्ली। इंग्लैंड के साथ खेले गई तीन वनडे मैचों की सीरीज में भारत भले ही सीरीज जीतने में नाकाम रहा हो लेकिन इस सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पहली बार वनडे में गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष-10 में जगह बनाई है। वहीं आईसीसी की बुधवार को जारी गेंदबाजों की ताजा वनडे रैंकिंग में कुलदीप को छठा स्थान मिला है। वहीं एक बल्लेबाज के तौर पर देखें तो भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शीर्ष बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करते हुए करियर के सर्वश्रेष्ठ 911 अंक हासिल किए जबकि रोहित शर्मा ने अपना चौथा स्थान बनाए रखा है और शिखर धवन भी 10वें स्थान पर बने हुए हैं।
आईसीसी ने बयान में कहा कि कोहली ने सीरीज में 75, 45 और 71 रन की पारियां खेलीं, जिससे उन्हें सिर्फ दो अंक मिले लेकिन यह उन्हें 911 रेटिंग अंक तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त था जो मार्च 1991 में ऑस्ट्रेलिया के डीन जोंस के 918 अंक के बाद किसी बल्लेबाज के सर्वाधिक अंक हैं। वहीं कुलदीप यादव ने सीरीज में नौ विकेट चटकाए जिसमें ट्रेंटब्रिज में पहले मैच में 25 रन पर छह विकेट भी शामिल हैं। उन्हें आठ स्थान पर फायदा हुआ है जिससे वह करियर की सर्वश्रेष्ठ छठी रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। कुलदीप शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज और पांचवें स्पिनर हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे हैं, जबकि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल 10वें स्थान पर हैं। शीर्ष 10 में शामिल अन्य स्पिनर राशिद खान (दूसरे), इमरान ताहिर (सातवें) और आदिल राशिद (आठवें) हैं। लगातार दो शतक की बदौलत इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. रूट ने पाकिस्तान के बाबर आजम, भारत के रोहित शर्मा, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और न्यूजीलैंड के रोस टेलर को पछाड़कर करियर का सर्वश्रेष्ठ दूसरा स्थान हासिल किया है।.
शीर्ष पर बरकरार है इंग्लैंडः शीर्ष पांच ऑलराउंडरों की सूची में कोई बदलाव नहीं हुआ है जिसमें बांग्लादेश के शाकिब अल हसन शीर्ष पर चल रहे हैं। टीम रैंकिंग में इंग्लैंड एक अंक के फायदे से 127 अंक के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। भारत एक अंक गंवाकर 121 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
